खूंटी में 41वें नेत्रदान पखवाड़े का शुभारंभ, जागरूकता रथ रवाना

Spread the love

खूंटी , 31 अगस्त । खूंटी सदर अस्पताल परिसर स्थित सिविल सर्जन कार्यालय के सभागार में सोमवार को 41 वें नेत्रदान पखवाड़े का शुभारंभ किया गया। सिविल सर्जन डॉ ललित रंजन पाठक और अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ रजनी नीलम टोप्पो ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया।

इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ पाठक ने कहा कि अंधापन की समस्या के प्रति समाज को गंभीर होने की जरूरत है। उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों से नेत्रदान के प्रति व्यापक जागरूकता अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों को इस कार्य के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय अंधापन नियंत्रण कार्यक्रम के तहत रिम्स, एमजीएम मेडिकल कॉलेज जमशेदपुर और शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज धनबाद में नेत्र अधिकोष स्थापित हैं। उन्होंने इच्छुक लोगों से नेत्रदान संबंधी जानकारी के लिए सदर अस्पताल खूंटी के नेत्र विभाग से संपर्क करने की अपील की।

अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी सह जिला नोडल पदाधिकारी डॉ रजनी नीलम टोप्पो ने बताया कि नेत्रदान पखवाड़ा 25 अगस्त से 08 सितंबर तक जिले के सभी जिला अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में मनाया जा रहा है। इस दौरान स्वास्थ्यकर्मी, सहिया, बीटीटी एवं सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से लोगों को नेत्रदान के प्रति जागरूक किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य नेत्रदान से जुड़ी भ्रांतियों को दूर कर आमजन को इसके लिए प्रेरित करना है।

कार्यक्रम में सिविल सर्जन और अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी ने प्रचार-प्रसार के लिए जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

मौके पर जिला आरसीएच पदाधिकारी डॉ शोभा किस्पोट्टा, नेत्र सर्जन, जिला कार्यक्रम प्रबंधक कानन बाला तिर्की, जिला लेखा प्रबंधक विकास सिंह, जिला डाटा प्रबंधक श्वेता सिंह, जिला कार्यक्रम समन्वयक डॉ उदयन शर्मा सहित नेत्र सहायक एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित थे।