गोरखपुर, 07 सितंबर । उत्तर प्रदेश के जनपद गोरखपुर में राजघाट स्थित अंत्येष्टि स्थल पर रविवार को गुंबद ढह जाने से घायल दोनों अधिवक्ताओं की इलाज के दौरान देर रात में मौत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल अधिवक्ता आलोक अस्थाना ने जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया, जबकि अधिवक्ता संजय सिंह की गंभीर हालत में बीआरडी मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मौत हो गई। दोनों की मौत की खबर से अधिवक्ता समाज में शोक के साथ आक्रोश का माहौल है।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी दीपक मीणा ने राजघाट अंत्येष्टि स्थल पर हुए निर्माण कार्य की जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने निर्माण कार्यदायी संस्था, संबंधित अधिकारियों और अन्य जिम्मेदार लोगों की भूमिका की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। जांच में यह भी देखा जाएगा कि गुंबद के निर्माण में निर्धारित मानकों का पालन हुआ था या नहीं और कहीं किसी स्तर पर लापरवाही तो नहीं बरती गई।
मलबे की चपेट में आए थे दोनों अधिवक्ता
रविवार को बारिश के दौरान राजघाट स्थित अंत्येष्टि स्थल परिसर में बने पत्थर के गुंबद पर आकाशीय बिजली गिरने की घटना हुई। इसके बाद गुंबद का एक हिस्सा अचानक भरभराकर नीचे गिर गया। उस समय गुंबद के नीचे मौजूद अधिवक्ता आलोक अस्थाना और संजय सिंह मलबे की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां अधिवक्ता आलोक अस्थाना की मौत हो गई। वहीं, गंभीर हालत में संजय सिंह को बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी भी मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शी ने बताया हादसे से ठीक पहले का घटनाक्रम