मोबाइल टावर लगाने का झांसा देकर लाखों की ठगी करने वाला साइबर ठग पंजाब से गिरफ्तार

Spread the love

जयपुर, 06 सितंबर । सोशल मीडिया पर मोबाइल टावर लगाने का विज्ञापन देकर लाखों रुपए की साइबर ठगी करने वाले शातिर आरोपित को मुरलीपुरा थाना पुलिस ने पंजाब से गिरफ्तार किया है। आरोपित लोगों को टावर लगाने के बदले मोटा किराया मिलने का झांसा देता था। विश्वास में लेने के लिए एआई की मदद से पीड़ितों के नाम के फर्जी बैंक चेक, अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) और अन्य दस्तावेज तैयार कर भेजता था। इसके बाद किराए के बैंक खातों में ठगी की रकम जमा करवाकर नकद निकाल लेता था। पुलिस ने एटीएम बूथ के सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपित को सुनाम—संगरूर (पंजाब) से पकड़ा। फिलहाल आरोपित से पूछताछ की जा रही है।

डीसीपी पश्चिम प्रशांत किरण ने बताया कि सोशल मीडिया पर मोबाइल टावर लगाने का विज्ञापन देकर लाखों रुपये की साइबर ठगी करने वाले शातिर ठग दीपक कुमार (33) निवासी सुनाम जिला संगरूर (पंजाब) को गिरफ्तार किया है।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपित सोशल मीडिया पर मोबाइल टावर लगाने के आकर्षक विज्ञापन डालता था। संपर्क करने वाले लोगों से उनकी व्यक्तिगत जानकारी लेकर टावर लगाने की प्रक्रिया शुरू करने का झांसा देता। विश्वास में लेने के लिए AI तकनीक से उनकी डिटेल एडिट कर उनके नाम से बैंक चेक, एनओसी और अन्य दस्तावेज तैयार कर भेजता था।

इसके बाद टावर लगाने के एवज में मोटा किराया मिलने का लालच देकर पीड़ितों से रकम दूसरे लोगों के बैंक खातों में जमा करवाता था। इन खातों और सिम कार्ड का इस्तेमाल आरोपी ठगी के लिए करता था। रकम जमा होने के बाद वह खुद एटीएम बूथ पहुंचकर नकाब पहनकर पैसे निकाल लेता था।

पुलिस के अनुसार आरोपी द्वारा इस्तेमाल किए गए सिम कार्ड और बैंक खातों की जांच में जयपुर के मुरलीपुरा, करौली के सुरौठ, जालोर के सांचौर, मध्यप्रदेश के रीवा और उज्जैन, उत्तरप्रदेश के गाजियाबाद तथा पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में लोगों के साथ धोखाधड़ी के मामले सामने आए हैं। आरोपित अलग-अलग आईएमईआई नंबर वाले मोबाइल में सिम बदलकर लोगों को ठगी का शिकार बनाता था।

आरोपी के कब्जे से मिले मोबाइल में कई लोगों के पहचान संबंधी दस्तावेज, बैंक पासबुक, चेक और अन्य डिजिटल साक्ष्य मिले हैं। पुलिस आरोपी से ठगी की रकम की बरामदगी, अन्य वारदातों और उसके नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।

मुरलीपुरा थानाधिकारी वीरेंद्र कुरील ने बताया कि 14 जुलाई 2026 को बाबूलाल जांगिड़ ने साइबर हेल्पलाइन 1930 के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई थी। कि मोबाइल टावर लगाने के नाम पर उनके साथ 5,80,052 रुपये की ऑनलाइन ठगी की गई। इस पर मुरलीपुरा थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई और पुलिस की विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान ठगी की रकम निकालने वाले एटीएम बूथों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। फुटेज में आरोपित नकाब पहनकर एटीएम से रकम निकालता दिखाई दिया। तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस टीम ने पंजाब में दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक झाबरमल, हेड कांस्टेबल बहादुर सिंह तथा कांस्टेबल मनोज कुमार, श्रीराम, अनिल कुमार और रामचंद्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही।