फारबिसगंज के किरकिचिया पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि कफिल अंसारी के खिलाफ घटना के दो दिन बाद कारोबारी के द्वारा 50 हजार रूपये रंगदारी और लूट को लेकर दर्ज किया गया मामला अब सियासी रूप लेने लगा है।
मामले में फारबिसगंज विधायक मनोज कुमार विश्वास ने रविवार को अपने जनसंपर्क कार्यालय में प्रेस वार्ता आयोजित कर दो दिनों के बाद कारोबारी द्वारा रंगदारी और लूट को लेकर किए गए काउंटर केस मामले में पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर प्रश्न खड़ा किया और मामले में एसपी और पूर्णिया रेंज के आईजी से बात कर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।विधायक मनोज कुमार विश्वास ने कहा कि यदि मुखिया प्रतिनिधि या उसके आदमी के द्वारा रंगदारी मांगी गई तो उसका वीडियो या मोबाइल में हुए बातचीत के साथ अन्य साक्ष्य उपलब्ध कराए।
उन्होंने कहा कि मुखिया प्रतिनिधि सह कांग्रेस नेता कफिल अंसारी के खिलाफ दर्ज कराया गया केस राजनीतिक साजिश का हिस्सा है और इस मामले में वह चुप नहीं रहेंगे।विधायक ने कहा कि जब पैसों के बल पर झुठा केस दर्ज हो सकता है तो आमजन आखिर न्याय के लिए किसके पास जाएं।उन्होंने कहा कि मामले की जांच यदि सही ढंग से नहीं लिया गया तो यह मामला बड़ा रूप लेगा।मामले को विधानसभा के पटल पर भी रखने की बात उन्होंने कही।
विधायक मनोज कुमार विश्वास ने कहा कि सोशल मीडिया पर 2 सितम्बर की घटित घटना में लाइसेंसी हथियार के साथ मुखिया प्रतिनिधि से भिड़ंत को लेकर वीडियो वायरल है।उन्होंने लाइसेंसी पिस्टल का लाइसेंस जब विक्रम अग्रवाल के पास है तो उसके पुत्र आयुष अग्रवाल लाइसेंसी पिस्टल के साथ क्यों पहुंचा।आखिर लाइसेंसी पिस्टल क्यों है।पिस्टल का लाइसेंस देने के लिए तय मापदंडों का यह खुल्लम खुल्ला उल्लंघन है।
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि समस्या आने पर उसके समाधान के लिए जाते ही हैं और उस दिन भी मुखिया प्रतिनिधि आमजनों के समस्या के निराकरण को लेकर मौका ए वारदात पर पहुंचे थे।उन्होंने घटना के दिन मुखिया प्रतिनिधि के द्वारा अपनाए गए सूझबूझ की तारीफ की।उन्होंने कहा कि घटना के बाद मौके पर खुद थानाध्यक्ष पहुंचे थे और उन्होंने खुद घटना का अवलोकन किया था,फिर दो दिनों के बाद केस दर्ज करना एक बड़ी साजिश और पैसों के खेल की ओर इशारा करती है।
प्रेस वार्ता में मुखिया प्रतिनिधि कफिल अंसारी,एनएसयूआई जिलाध्यक्ष इरशाद सिद्दीकी,प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष गुलाबचंद ऋषिदेव,प्रदेश युवक कांग्रेस के सचिव करण कुमार पप्पू,राजद नगर अध्यक्ष मो.बेलाल अली,भागकोहलिया के मुखिया प्रतिनिधि रियाज आलम आदि मौजूद थे।