सरायकेला, 08 सितंबर । झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने मंगलवार को सरायकेला-खरसावां स्थित नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एनएसएमसीएच) में नवस्थापित कैथ-लैब का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता पर जोर दिया।
राज्यपाल ने कहा कि झारखंड में स्वास्थ्य के क्षेत्र में व्यापक स्तर पर कार्य करने की आवश्यकता है। राज्य में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार होने से गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए लोगों को दूसरे राज्यों का रुख नहीं करना पड़ेगा। उन्हें अपने ही राज्य में बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार में सरकारी संस्थानों के साथ-साथ निजी चिकित्सा संस्थानों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। आधुनिक चिकित्सा तकनीक और आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं को विकसित करने के साथ मरीजों के प्रति संवेदनशील और मानवीय व्यवहार पर भी विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।
राज्यपाल ने कहा कि चिकित्सा सुविधाओं का उद्देश्य केवल अत्याधुनिक तकनीक उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि मरीजों को बेहतर, सुलभ और मानवीय स्वास्थ्य सेवा प्रदान करना भी होना चाहिए। उन्होंने चिकित्सा संस्थानों से सेवा भावना के साथ मरीजों की जरूरतों को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
राज्यपाल ने एनएसएमसीएच प्रबंधन और चिकित्सकों को कैथ-लैब की स्थापना के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नवस्थापित कैथ-लैब से क्षेत्र के लोगों को बेहतर हृदय चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी और गंभीर हृदय रोगों के उपचार के लिए बाहर जाने की आवश्यकता कम होगी।
इस अवसर पर अस्पताल प्रबंधन, चिकित्सक एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
———–