भागलपुर, 08 सितंबर । भागलपुर के पूर्व विधायक एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य अजीत शर्मा के निर्देश पर मंगलवार को कांग्रेस के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने नवगछिया अनुमंडल के कटाव-पीड़ित क्षेत्रों का दौरा किया। प्रतिनिधिमंडल ने बाढ़ और कटाव से प्रभावित विभिन्न स्थलों का जायजा लेने के साथ ही वहाँ प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे राहत कार्यों की जमीनी हकीकत जानी।
इस दौरान कांग्रेसी नेताओं ने पीड़ितों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुना और उन्हें हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। दौरे के बाद प्रतिनिधिमंडल ने सरकार और प्रशासनिक दावों की पोल खोलते हुए कहा कि जमीनी स्तर पर पीड़ितों के बीच पर्याप्त राहत कार्य नहीं चल रहा है। बाढ़ पीड़ितों को जरूरत के मुताबिक सरकारी सुविधाएं और सहायता सामग्री अब तक उपलब्ध नहीं कराई जा सकी है, जिससे प्रभावित परिवारों में भारी आक्रोश और निराशा है।
कांग्रेस नेताओं ने स्थानीय प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि अगर समय रहते प्रशासनिक मुस्तैदी दिखाई गई होती, तो न तो राघोपुर तटबंध टूटता और न ही सैदपुर सकुटिया बाजार को जोड़ने वाली मुख्य सड़क कटती। प्रशासन की इसी निष्क्रियता का खामियाजा आज हजारों गरीब और लाचार ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है।
इस दौरे और निरीक्षण कार्यक्रम में मुख्य रूप से बिहार प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधि डॉ. अभय आनंद, सोइन अंसारी, इंटक अध्यक्ष इंजीनियर रवि कुमार, शीतल प्रसाद सिंह निषाद, राजीव चौधरी, मोहम्मद मोईजुद्दीन सहित दर्जनों वरिष्ठ कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल थे। प्रतिनिधिमंडल ने सरकार से मांग की है कि युद्धस्तर पर राहत कार्य चलाकर पीड़ितों को अविलंब सहायता पहुंचाई जाए और क्षतिग्रस्त बुनियादी ढांचे की मरम्मत कराई जाए।