प्रयागराज, 13 सितंबर । उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में सुलेम सराय में रविवार को होने वाले ऐतिहासिक दधिकांदो मेले को देखते हुए पुलिस ने यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। श्रद्धालुओं की भीड़ और मेले के दौरान यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए हाईकोर्ट पानी टंकी चौराहे से मंदिर मोड़ तक भारी वाहनों, ट्रक, डीसीएम, टैंकर, हल्के वाहनों और चार पहिया वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। यह व्यवस्था शाम चार बजे से मेला समाप्त होने तक लागू रहेगी।
पुलिस उपायुक्त नगर सागर जैन ने बताया कि मेले के दौरान आमजन को आवागमन में परेशानी न हो और श्रद्धालुओं की सुरक्षा बनी रहे, इसके लिए यातायात का डायवर्जन किया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों को प्रमुख चौराहों और मार्गों पर तैनात किया गया है। लोगों से अपील है कि वे निर्धारित डायवर्जन मार्ग का ही प्रयोग करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।
इन मार्गों पर रहेगा डायवर्जन
प्रयागराज शहर की ओर से धूमनगंज क्षेत्र और कानपुर रोड की ओर जाने वाले वाहनों को शास्त्री पुल, अंदावा तिराहा, सहसों और कोखराज की ओर से भेजा जाएगा।
फतेहपुर और कानपुर की ओर जाने वाली रोडवेज तथा विद्युत बसों को विद्यावाहिनी रोडवेज बस अड्डा से शास्त्री पुल, झूंसी, अंदावा तिराहा, सहसों और कोखराज होते हुए भेजा जाएगा।
कानपुर और फतेहपुर से प्रयागराज शहर की ओर आने वाले वाहनों को कोखराज से डायवर्ट किया जाएगा। ये वाहन सहसों, अंदावा और शास्त्री पुल झूंसी होते हुए शहर में प्रवेश कर सकेंगे।
इसके अलावा डीजल, पेट्रोल, गैस और केरोसिन के टैंकरों तथा अति आवश्यक वाहनों का आवागमन दोपहर 12 बजे से मेला समाप्ति तक शहर क्षेत्र में प्रतिबंधित रहेगा। इन वाहनों को इंडियन ऑयल प्लांट झलवा से कटहुला मोड़, एयरपोर्ट होते हुए भगवतपुर तिराहा से कौशांबी रोड की ओर भेजा जाएगा।
डीसीपी नगर सागर जैन ने आमजन से अपील की कि दधिकांदो मेला सुलेम सराय, धूमनगंज क्षेत्र के लिए निर्धारित यातायात डायवर्जन का पालन करें। उन्होंने कहा कि मेले को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है।