हरिद्वार, 13 सितंबर । भारतीय जनता पार्टी की ओर से महिलाओं के सम्मान, स्वाभिमान और सशक्तिकरण को समर्पित नारी शक्ति वंदन समारोह का आयोजन भूपतवाला स्थित वासुदेव आश्रम में किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान महिलाओं ने उन्हें रक्षा सूत्र बांधकर विजयश्री का आशीर्वाद दिया।
समारोह को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को सदैव शक्ति, सम्मान और प्रेरणा का प्रतीक माना गया है। आज महिलाएं शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रशासन, राजनीति, खेल, व्यापार, विज्ञान, कला, सामाजिक सेवा और उद्यमिता समेत प्रत्येक क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का प्रदर्शन कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं और पहल संचालित कर रही है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी को मजबूत करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को समान अवसर उपलब्ध कराए बिना विकसित भारत के संकल्प को पूरा नहीं किया जा सकता।
मदन कौशिक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है। इस लक्ष्य को हासिल करने में देश की आधी आबादी की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जब महिलाएं आत्मनिर्भर, सुरक्षित और सशक्त होंगी, तभी परिवार, समाज और राष्ट्र मजबूत होगा।
महिलाओं को सम्मान देना समाज की जिम्मेदारी: किरण जैसल
हरिद्वार नगर निगम की महापौर किरण जैसल ने समारोह में उपस्थित महिलाओं का अभिनंदन करते हुए कहा कि नारी केवल परिवार की आधारशिला नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण शक्ति भी है। आज बेटियां हर क्षेत्र में आगे बढ़कर देश और प्रदेश का नाम रोशन कर रही हैं।
कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं के योगदान की सराहना करते हुए उनका सम्मान किया गया। वक्ताओं ने कहा कि महिलाओं के प्रति सम्मान, समान अवसर और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देकर उनकी राजनीतिक भागीदारी को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है।
तीसरी बार भाजपा सरकार बनने का जताया भरोसा
भाजपा के प्रदेश सह मीडिया प्रभारी विकास तिवारी ने कहा कि हरिद्वार में चारों ओर विकास कार्य चल रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि हरिद्वार की धरती पर ऐतिहासिक कुंभ सफलतापूर्वक संपन्न होगा। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति के आशीर्वाद से प्रदेश में लगातार तीसरी बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार पूर्ण बहुमत के साथ बनेगी। उन्होंने समारोह में पहुंचीं सभी महिलाओं का आभार भी जताया।
कार्यक्रम का संचालन भाजयुमो नेता दीपांशु विद्यार्थी ने किया।
समारोह में भाजपा मंडल अध्यक्ष किशन बजाज, महामंत्री सर्वेश्वर मूर्ति भट्ट, देवेश ममगई, पार्षद आकाश भाटी, सुनीता शर्मा, सूर्यकांत शर्मा, अनिरुद्ध भाटी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष तरुण नय्यर, पूर्व मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र तिवारी, महेंद्र अरोड़ा, अन्नू कक्कड़, आदर्श पांडेय, प्रीति गौड़, मुकेश कौशिक, आदित्य गौड़, अजीत कुमार, करण वर्मा, राजकुमार अरोड़ा, सांसद प्रतिनिधि अनिल पुरी, ललित नय्यर, मुनेश सैनी, गौरव वर्मा, श्याम पांडेय और सूरज गुप्ता समेत बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, महिला कार्यकर्ता और मातृशक्ति मौजूद रही।
समारोह का उद्देश्य महिलाओं के सम्मान के साथ उनके सामाजिक योगदान को रेखांकित करना और अधिक से अधिक महिलाओं को आत्मनिर्भरता तथा राष्ट्र निर्माण की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम में “सशक्त नारी, सशक्त समाज और सशक्त राष्ट्र” का संदेश दिया गया।