बिजनौर, 14 सितम्बर | उत्तर प्रदेश के बिजनौर जनपद के धामपुर थाना क्षेत्र के गांव करनावाला में घरेलू विवाद के चलते एक कलयुगी बहू द्वारा अपनी बुजुर्ग सास की निर्मम हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। काम में टोकने से नाराज बहू ने अपनी 65 वर्षीय सास का सिर जमीन पर दे मारा, जिससे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपित बहू को गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर लिया है।
गांव करनावाला निवासी 65 वर्षीय ओमवती का अक्सर अपनी बहू प्रीति के साथ घर के कामकाज को लेकर विवाद होता रहता था। सास द्वारा काम को लेकर टोकना बहू को नागवार गुजरता था। घटना के वक्त घर पर सास और बहू दोनों अकेली थीं। इसी दौरान दोनों के बीच फिर से बहस शुरू हो गई। गुस्से में आकर प्रीति ने अपनी बुजुर्ग सास के साथ मारपीट की और उनका सिर जोर-जोर से जमीन पर पटक दिया। गंभीर रूप से घायल ओमवती को इलाज के लिए अस्पताल भर्ती कराया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया।
मृतका के बेटे कमल ने पुलिस के सामने अपनी पत्नी प्रीति पर ही हत्या का शक जताया। कमल ने बताया कि उसकी पत्नी आए दिन मां से झगड़ा करती थी और उसी ने इस वारदात को अंजाम दिया है। पति के बयान के आधार पर पुलिस ने प्रीति को हिरासत में लेकर जब कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल करते हुए हत्या की पूरी कहानी बयां कर दी। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपित बहू प्रीति के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है |
————–