प्रो. एच.डी. चारण को एबीवी-आईआईआईटीएम ग्वालियर के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स का अतिरिक्त प्रभार

Spread the love

बीकानेर, 18 सितंबर । बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय (बीटीयू) के पूर्व कुलगुरु एवं स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर (एसपीए), भोपाल के चेयरपर्सन प्रो. (सेनि.) एच.डी. चारण को अटल बिहारी वाजपेयी इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट (एबीवी-आईआईआईटीएम), ग्वालियर के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के चेयरपर्सन का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

बीटीयू के जनसंपर्क अधिकारी विक्रम राठौड़ ने बताया कि इस संबंध में उच्च शिक्षा विभाग, शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार की निदेशक गरिमा शर्मा ने आदेश जारी किए हैं। बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के चेयरपर्सन के रूप में प्रो. चारण संस्थान की नीतिगत दिशा, दीर्घकालिक विकास योजनाओं, शैक्षणिक उत्कृष्टता और संस्थागत सुदृढ़ीकरण से जुड़े विषयों में मार्गदर्शन करेंगे। एबीवी-आईआईआईटीएम, ग्वालियर सूचना प्रौद्योगिकी एवं प्रबंधन के अंतर्विषयक क्षेत्र में उच्च शिक्षा और अनुसंधान के लिए प्रमुख संस्थानों में शामिल है।

प्रो. चारण वर्तमान में अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआईसीटीई), नई दिल्ली की मानवीय मूल्यों की राष्ट्रीय समिति के चेयरपर्सन भी हैं। वे तकनीकी शिक्षा और अकादमिक प्रशासन के क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय हैं तथा सूचना प्रौद्योगिकी, प्रबंधन, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा और संस्थागत नेतृत्व का अनुभव रखते हैं।