बीकानेर में राजस्थान माध्यमिक प्रायोगिक शिक्षा संघ का सम्मेलन सम्पन्न

Spread the love

बीकानेर, 19 सितंबर । राजस्थान माध्यमिक प्रायोगिक शिक्षा संघ, जिला शाखा बीकानेर का दो दिवसीय जिला सम्मेलन राजकीय शहीद मेजर जेम्स थॉमस उच्च माध्यमिक विद्यालय, तुलसी सर्किल, बीकानेर में आयोजित किया गया। सम्मेलन में जिले के वरिष्ठ प्रयोगशाला सहायकों एवं प्रयोगशाला सहायकों ने सक्रिय सहभागिता की।

सम्मेलन के दौरान सर्वसहमति से वरुण सिंह पड़िहार को निर्विरोध जिलाध्यक्ष तथा शुभम बिस्सा को निर्विरोध महामंत्री निर्वाचित किया गया। उपस्थित सदस्यों ने नव निर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने का आह्वान किया।

संरक्षक त्रिलोक चंद, विनय त्रिपाठी, अमित चौधरी एंवम सदस्य जावेद अखर, शैलेन्द्र पाल, गोविंद नारायण पुरोहित, नवनीत मारू, दीपक, जतिन सहित वरिष्ठ साथियों की उपस्थिति रही।

सम्मेलन में सेवानिवृत्त वरिष्ठ प्रयोगशाला सहायक रघुवीर को उनकी दीर्घकालीन सेवाओं एवं संगठन तथा प्रयोगशाला क्षेत्र में योगदान के लिए सम्मानित किया गया। उपस्थित साथियों ने उनके सेवाकाल एवं योगदान को प्रेरणादायी बताया।

सम्मेलन में प्रयोगशाला कार्मिकों से संबंधित 11 सूत्री मांगों पर विस्तृत चर्चा की गई तथा मांगों को लेकर सर्वसम्मति से आगे की कार्यवाही करने पर सहमति बनी। इन मांगों को संगठन के माध्यम से संबंधित स्तर पर प्रस्तुत करने का निर्णय लिया गया।

जिला महामंत्री शुभम बिस्सा ने जिला सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए जिला इकाई एवं सभी साथियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि संघ प्रयोगशाला कार्मिकों के सेवा हित एवं विद्यालयों में प्रयोगात्मक शिक्षा को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा।

अमित चौधरी ने कहा कि 8वें वेतन आयोग के संबंध में सरकार के समक्ष संगठन की ओर से प्रस्ताव प्रस्तुत करने की दिशा में कार्य किया जाएगा। इसके साथ ही पदोन्नति, प्रयोगशाला अधीक्षक के पद, स्टाफिंग पैटर्न में वरिष्ठ प्रयोगशाला सहायकों के पदों में वृद्धि जैसे विषयों को भी प्रमुखता से उठाया जाएगा। विनय त्रिपाठी जी ने कहा कि जिन विद्यालयों में प्रयोगशाला का निर्माण नहीं हुआ है अथवा जहां प्रयोगशालाएं पुरानी एवं जर्जर स्थिति में हैं, वहां नई एवं आधुनिक प्रयोगशालाओं के निर्माण के लिए भी आवश्यक प्रयास किए जाएंगे, ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण प्रयोगात्मक शिक्षा का बेहतर वातावरण मिल सके।

सम्मेलन में उपस्थित वरिष्ठ प्रयोगशाला सहायकों एवं प्रयोगशाला सहायकों ने विद्यालयों में प्रयोगशालाओं का नियमित एवं प्रभावी संचालन, उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग तथा विद्यार्थियों को प्रयोगात्मक शिक्षा से जोड़ने के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।

अखिल पंचारिया के अनुसार राजस्थान माध्यमिक प्रायोगिक शिक्षा संघ, जिला शाखा बीकानेर ने सम्मेलन की सफलता के लिए सभी वरिष्ठ प्रयोगशाला सहायकों, प्रयोगशाला सहायकों एवं उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त किया।