नैनीताल, 19 सितंबर । कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने नगर पालिका परिषद नैनीताल क्षेत्र में स्ट्रीट लाइटों की व्यवस्था सुचारू रखने के लिए सभी लाइटों की वार्डवार जांच कराने और खराब लाइटों को प्राथमिकता से ठीक कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने प्रतिदिन खराब मिली और ठीक कराई गई लाइटों का विवरण आयुक्त कार्यालय को उपलब्ध कराने को कहा है।
आयुक्त ने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को निर्देश दिए कि प्रत्येक वार्ड में स्थापित कुल स्ट्रीट लाइटों, सुचारू लाइटों और खराब लाइटों की संख्या का स्पष्ट विवरण तैयार किया जाए। साथ ही खराब लाइटों को ठीक कराने के लिए की गई कार्रवाई का भी वार्डवार ब्योरा रखा जाए।
उन्होंने प्रतिदिन की कार्ययोजना बनाकर नगर पालिका के दो कार्मिकों की ड्यूटी लगाने को कहा, जो वाहन से विभिन्न वार्डों का निरीक्षण कर लाइटों की स्थिति जांचेंगे।
निरीक्षण के दौरान खराब और ठीक कराई गई लाइटों की संख्या का दैनिक विवरण आयुक्त कार्यालय को उपलब्ध कराया जाएगा। आयुक्त ने मरम्मत कार्य में लापरवाही नहीं बरतने और खराब लाइटों को प्राथमिकता के आधार पर ठीक कराने के निर्देश दिए।