इलाहाबाद विश्वविद्यालय के बीए भाग-2 की सत्र 2025-26 की द्वितीय सेमेस्टर परीक्षा उत्तीर्ण कर चुके छात्र-छात्राओं को बीए भाग-3 सत्र 2026-27 में प्रवेश के लिए विषय प्रपत्र भरने का अवसर दिया गया है। विद्यार्थी 28 सितंबर से नौ अक्टूबर 2026 तक शुल्क जमा कर विषय निर्धारण प्रपत्र अधिष्ठाता, कला संकाय कार्यालय में जमा कर सकते हैं।
विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी प्रो. अमित शर्मा ने बताया कि संबंधित विद्यार्थियों को निर्धारित अवधि में शुल्क जमा करने के साथ विषय प्रपत्र भरकर कला संकाय कार्यालय में जमा करना होगा।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को विषयों का चयन सावधानी से करना चाहिए, क्योंकि एक बार विषय चयन अथवा आवंटन होने के बाद उसमें बदलाव नहीं किया जा सकेगा।
उन्होंने बताया कि विषय निर्धारण प्रपत्र विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध है। विश्वविद्यालय की ओर से विद्यार्थियों से निर्धारित तिथि के भीतर सभी प्रक्रिया पूरी करने की अपील की गई है। विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर बीए भाग-3 से संबंधित विषय व प्रपत्र की जानकारी उपलब्ध है।