महिला सशक्तिकरण और नशामुक्त समाज के लिए मिलकर प्रयास जरूरी : सुदीप

Spread the love

महिला संघ की आम सभा आर.सी. चर्च, जम्हार पल्ली में आयोजित की गई। कार्यक्रम में तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर फादर बिशु बेंजामिन एवं फादर सुनील कण्डुलना की गरिमामयी उपस्थिति रही।

सभा को संबोधित करते हुए विधायक सुदीप गुड़िया ने कहा कि महिलाएं परिवार और समाज की मजबूत आधारशिला हैं। महिलाओं के शिक्षित, जागरूक और आत्मनिर्भर बनने का सकारात्मक प्रभाव पूरे परिवार और आने वाली पीढ़ियों पर पड़ता है। उन्होंने महिला स्वावलंबन को बढ़ावा देने के साथ बेटियों की शिक्षा को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि समाज की वास्तविक प्रगति तभी संभव है, जब माताएं-बहनें सशक्त हों और युवा पीढ़ी सही दिशा में आगे बढ़े। नशे को युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती बताते हुए उन्होंने कहा कि इसके खिलाफ परिवार, चर्च, महिला संघ, सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों को मिलकर जागरूकता अभियान चलाने की जरूरत है।

विधायक ने प्रभु यीशु मसीह के प्रेम, सेवा, करुणा और भाईचारे के संदेश को अपनाकर सौहार्दपूर्ण समाज निर्माण का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि महिलाओं के अधिकार, सम्मान और स्वावलंबन को मजबूत करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।

मौके पर सभा नेत्री फुलमनी तोपनो, सिस्टर पुष्पा तीगा, जम्हार पल्ली के कमिटी मेंबर, महिला संघ की सदस्याएं एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।