बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने और बच्चों के अधिकारों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से शुक्रवार को तोरपा प्रखंड में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकार, खूंटी के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) एवं झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (झालसा) के निर्देश पर और प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह डीएलएसए अध्यक्ष रसिकेश कुमार के मार्गदर्शन में हुआ।
शिविर में उपस्थित लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणाम, बच्चों के अधिकार, शिक्षा, सुरक्षा एवं उनके उज्ज्वल भविष्य के संबंध में जानकारी दी गई। वक्ताओं ने बताया कि बाल विवाह बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक विकास में बाधा उत्पन्न करता है। कम उम्र में विवाह से बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और भविष्य प्रभावित होता है।
बाल विवाह कानूनन अपराध है और इसे रोकना समाज के प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
पैनल अधिवक्ता मदन मोहन राम और शशिकला कुमारी ने बाल विवाह निषेध अधिनियम के कानूनी प्रावधानों की जानकारी देते हुए बालिकाओं को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने और उनके अधिकारों की रक्षा करने पर जोर दिया। उन्होंने बाल विवाह की सूचना संबंधित प्राधिकार तक पहुंचाने की अपील की।
डीएलएसए के पारा विधिक स्वयंसेवकों ने भी ग्रामीणों को विधिक सहायता और बाल अधिकारों के प्रति जागरूक किया। शिविर में बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण में सामूहिक सहभागिता का आह्वान किया गया।