एसजीवीएस अस्पताल के विकास के लिए डॉ. रोहित ग्रोवर ने दिए एक लाख

Spread the love

खूंटी , 27 नवंबर । प्रसिद्ध नेत्र शल्य चिकित्सक डॉ. रोहित ग्रोवर ने शुक्रवार को सर्वांगीण ग्राम विकास संस्थान (एसजीवीएस) की ओर से संचालित एसजीवीएस हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर, अनिगड़ा का निरीक्षण किया। उनके साथ गार्गी ग्रोवर भी मौजूद थीं। अस्पताल पहुंचने पर संस्थान के पदाधिकारियों और स्वास्थ्यकर्मियों ने उनका स्वागत किया।

निरीक्षण के दौरान डॉ. ग्रोवर ने अस्पताल की चिकित्सा इकाइयों, आधारभूत संरचना, उपलब्ध संसाधनों और मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्र के जरूरतमंद लोगों को बेहतर नेत्र चिकित्सा उपलब्ध कराने के संस्थान के प्रयासों की सराहना की।

अस्पताल के विकास और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए उन्होंने एक लाख 101 रुपये की सहयोग राशि दी एवं भविष्य में भी सहयोग का आश्वासन दिया।

इस दौरान अस्पताल में अत्याधुनिक रेटिना सेंटर स्थापित करने को लेकर चर्चा हुई।

डॉ. ग्रोवर ने इसके लिए तकनीकी मार्गदर्शन और सहयोग देने में रुचि जताई। रेटिना सेंटर शुरू होने से क्षेत्र के मरीजों को गंभीर नेत्र रोगों के उपचार के लिए बड़े शहरों का रुख करने से राहत मिलने की उम्मीद है।

खूंटी प्रवास के दौरान उन्होंने डीएवी सोंदारी, डीएवी तोरपा और डीएवी खूंटी विद्यालयों का भी निरीक्षण किया। शैक्षणिक गतिविधियों का जायजा लेते हुए शिक्षकों और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।