अंतरराज्यीय तस्कर आदित्य सिंह गिरफ्तार,पांच हथियार और कारतूस पकडे

Spread the love

धौलपुर, 11 अक्टूबर । जिले में पंचायत चुनाव के लिए अलर्ट पुलिस ने शनिवार रात को एक अंतरराज्यीय तस्कर आदित्य सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पांच अवैध हथियार तथा कारतूस बरामद किए हैं। आरोपी ग्वालियर से बस द्वारा भारी मात्रा में अवैध हथियार लेकर सप्लाई करने आया था,तभी जिले की सरमथुरा थाना पुलिस ने उसे धर दबोचा। मध्यप्रदेश के ग्वालियर निवासी आरोपी आदित्य सिंह के विरुद्व ग्वालियर के बहोडापुरा, मुरार, पडाव, जनकगंज एवं झांसीरोड थानों में दर्जनों प्रकरण पंजीबद्ध हैं। पुलिस द्वारा आरोपी अंतरराज्यीय तस्कर आदित्य सिंह से पूछताछ की जा रही है।

जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने बताया कि सरमथुरा थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय तस्कर आदित्य सिंह को गिरफ्तार किया है। सांगवान ने बताया कि शनिवार रात को सरमथुरा थानाधिकारी कैलाश चंद अपनी टीम के साथ में पंचायत चुनावों के मद्देनजर एरिया डोमेनेशन एवं स्पेशल एक्ट की कार्यवाही हेतु खरैर पुल इलाके में गश्त पर थे। तभी पुलिस टीम को सूचना मिली कि मध्यप्रदेश के ग्वालियर से करौली की तरफ जा रही प्राईवेट बस में एक व्यक्ति लाल रंग के बैग में अवैध हथियार ला रहा है। इस सूचना पर पुलिस टीम ने खरैर नदी के पुल से आगे बसंतपुरा मोड पर नाकाबंदी शुरू कर दी। नाकाबंदी के दौरान बस को रूकवाया गया। तभी पीछे की तरफ से एक व्यक्ति हाथ में लाल रंग का बैग लेकर अचानक बस से कूद कर बसंत पुरा लिंक रोड की तरफ भागने लगा। सरमथुरा पुलिस थाना टीम ने उक्त संदिग्ध आरोपी को बैग सहित धर दबोचा। पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम आदित्य सिंह निवासी तिलावली थाना देवगढ जिला मुरैना (म.प्र.) बताया। आरोपी ने यह भी बताया कि वह हाल में पंकज विहार कॉलोनी यादव धर्मकांटा के पास गोले का मंदिर ग्वालियर (म.प्र.) में किराए पर रहता है। पुलिस द्वारा आरोपी के लाल रंग के बैग को खोलकर चेक किया तो उसमें हथियार मिले। पुलिस द्वारा जब्त किए गए अवैध हथियारों में 2 देशी पिस्टल 32 बोर मय 2 मेग्जीन, 2 देशी कट्टे 315 बोर, 1 पौना 315 बोर, 18 कारतूस 32 बोर पिस्टल तथा 20 कारतूस 315 बोर शामिल हैं। पुलिस द्वारा इस अवैध हथयारों की तस्करी से जुडे हुये अन्य अपराधियों को भी चिह्नित किया गया है, जिनकी अति शीघ्र गिरफ्तारी की जाएगी। आरोपी आदित्य के खिलाफ आर्म्स एक्ट की विभिन्न धराओ में व बीएनएस की संगठित अपराध की धाराओं में अभियोग पंजीबद्ध किया है। मुलजिम से अन्य अवैध हथियार रखने बालों के बारे में गहनता से पूछताछ की जा रही है।

सांगवान ने बताया कि आरोपी आदित्य सिंह ने स्मेक एवं शराब की लत के कारण एमआईटीएस कॉलेज ग्वालियर से बी-टेक छोड कर अपराध का रास्ता चुना है। पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरोपी आदित्य ने 12 वीं कक्षा तक जौरा में पढाई की। वर्ष 2004-2005 में एमआईटीएस कॉलेज ग्वालियर से आदित्य का बी-टेक में नम्बर आ गया था, जहां तीन वर्ष तक बी-टेक में कम्यपूटर बांच से पढाई की थी। जहां गलत संगति में दोस्तों के साथ स्मेक एवं शराब का नशा करने लग गया था। पिता ने धमकाया तो पढाई छोड दी थी इसके बाद मालनपुर इडस्टीज एरिया में प्राईवेट जॉब की, लेकिन नशे के कारण बो भी छोडनी पडी । इसके बाद आदित्य को मोटरसाईकिल चोरी की आदत लग गई। ग्वालियर, बहोडापुरा, मुरार पडाव, जनकगंज व झांसीरोड थानों में बंद रहा। इसके बाद 2000-3000 रूपये के लालच में ग्वालियर में हथियार सप्लाई करता रहा। इसी क्रम में 10 अक्टूबर को हथियार सप्लाई करने आये आदित्य को खरैर नदी के पास बसंतपुरा लिंक रोड पर पुलिस ने धर दबोचा। आरोपी आदित्य के खिलाफ ग्वालियर के बहोडापुरा, मुरार, पडाव, जनकगंज एवं झांसीरोड थानों में दर्जनों प्रकरण पंजीबद्ध हैं।