जमालपुर थाना क्षेत्र के जेके स्टेट हाईवे पर तेतरिया गांव के पास बुधवार देर शाम सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली में बाइक घुसने से 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जमालपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रामनगर थाना क्षेत्र के रस्तापुर निवासी सूरज कुमार सोनकर बाइक से जमालपुर ग्राम पंचायत के पांडेयचक स्थित अपनी ससुराल जा रहे थे। तेतरिया गांव के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली में जा घुसी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंचे लोगों ने पुलिस की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी मौत हो गई।
सूरज की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मां चिंता देवी और पत्नी सरोजा सोनकर का रो-रोकर बुरा हाल रहा। थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है।