पुलिसकर्मियों के मानसिक स्वास्थ्य के लिए हर महीने लगेगा शिविर

Spread the love

जयपुर, 23 अक्टूबर । पुलिसकर्मियों के मानसिक स्वास्थ्य और कल्याण को ध्यान में रखते हुए पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल की पहल एवं मार्गदर्शन में जिला मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम, जयपुर की ओर से पुलिस लाइन में मानसिक स्वास्थ्य शिविर और टॉक शो आयोजित किया गया। इसमें तनाव प्रबंधन, अवसाद, चिंता, नशे से जुड़ी समस्याओं और आत्महत्या की रोकथाम के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही मानसिक स्वास्थ्य संबंधी शुरुआती लक्षणों की पहचान कर समय पर विशेषज्ञ सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।

जिला मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के जिला नोडल अधिकारी एवं मनोचिकित्सक डॉ. गजानंद वर्मा ने बताया कि पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान कई चुनौतीपूर्ण और तनावपूर्ण परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी जरूरी है। उन्होंने तनाव प्रबंधन के व्यावहारिक उपायों, सकारात्मक जीवनशैली, भावनात्मक संतुलन और समय पर उपचार एवं परामर्श के महत्व की जानकारी दी। टॉक शो में प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया।

शिविर में मनोरोग देखभाल नर्स संजय मित्तल और केस रजिस्ट्री सहायक मनीष कुमार सुनारीवाल ने पुलिसकर्मियों का मानसिक स्वास्थ्य परीक्षण किया। आवश्यकता के अनुसार निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं और व्यक्तिगत एवं गोपनीय परामर्श सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। कार्मिकों को बिना संकोच अपनी समस्याएं साझा करने तथा जरूरत पड़ने पर विशेषज्ञों से सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के आयोजन में पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) अनुष्ठा कालिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) पार्थ शर्मा, लाइन अधिकारी सागरमल, आरआई सपना पूनिया और पुलिस लाइन में पदस्थ डॉ. गिरिराज शर्मा का सहयोग रहा।

पुलिसकर्मियों को मानसिक स्वास्थ्य संबंधी सहायता के लिए टेली-मानस हेल्पलाइन 14416 की जानकारी दी गई। साथ ही बताया गया कि नियमित मानसिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रत्येक महीने के चौथे शुक्रवार को पुलिस लाइन डिस्पेंसरी में शिविर लगाया जाता है। इसमें आवश्यकता के अनुसार परीक्षण, परामर्श और उपचार की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।

यह पहल पुलिसकर्मियों में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने, समय पर सहायता उपलब्ध कराने तथा उनकी कार्यक्षमता और समग्र कल्याण को मजबूत करने की दिशा में संचालित की जा रही है।