दाे नवंबर को होने वाले सूरजपुर राज्योत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में, कलेक्टर ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा

Spread the love

सूरजपुर, 31 अक्टूबर । छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 2 नवंबर को अग्रसेन स्टेडियम ग्राउंड में जिलास्तरीय राज्योत्सव का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। शनिवार को कलेक्टर रेना जमील और वनमंडलाधिकारी विपुल अग्रवाल ने आयोजन स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को समय पर सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मंच निर्माण और साज-सज्जा, बैठक व्यवस्था, पार्किंग, बिजली, साफ-सफाई सहित अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, जिले की उपलब्धियों और नवाचारों को प्रदर्शित करने के लिए लगाए जाने वाले विभागीय स्टॉलों की तैयारियों की भी समीक्षा की। कलेक्टर ने स्टॉलों में योजनाओं और उपलब्धियों का व्यवस्थित तरीके से प्रदर्शन सुनिश्चित करने को कहा।

कलेक्टर रेना जमील ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि राज्योत्सव के आयोजन में सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें और उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें। उन्होंने निर्धारित समय-सीमा में सभी व्यवस्थाएं पूरी करने पर जोर दिया, ताकि कार्यक्रम का आयोजन सुव्यवस्थित और गरिमामय ढंग से हो सके।

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र सिंह पाटले, अपर कलेक्टर नयनतारा सिंह तोमर, डिप्टी कलेक्टर यशवंत देवांगन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।