वन हेल्थ समिति की बैठक में मानव, पशु स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण पर चर्चा

Spread the love

खूंटी , 02 नवंबर । समाहरणालय स्थित सभागार में सोमवार को उपायुक्त मो० जावेद हुसैन की अध्यक्षता में जिला स्तरीय वन हेल्थ समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मानव स्वास्थ्य, पशु स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण को एक-दूसरे से जुड़ा मानते हुए इनके बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और स्वास्थ्य संबंधी संभावित खतरों की समय रहते पहचान और रोकथाम पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में वन हेल्थ की अवधारणा और समिति के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए पशुओं से मनुष्यों में फैलने वाली संक्रामक बीमारियों की रोकथाम पर विशेष जोर दिया गया। इसके तहत संभावित संक्रमण की समय पर पहचान, निगरानी और प्रभावी नियंत्रण के उपाय सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई। साथ ही एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस यानी एंटीबायोटिक दवाओं के अनावश्यक और अनुचित इस्तेमाल से बढ़ते दवा प्रतिरोध की समस्या को नियंत्रित करने, सुरक्षित खाद्य एवं पेयजल, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया।

उपायुक्त ने कहा कि वन हेल्थ की अवधारणा को धरातल पर प्रभावी बनाने के लिए सभी संबंधित विभागों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने स्वास्थ्य, पशुपालन, वन एवं पर्यावरण सहित अन्य विभागों को आपसी समन्वय के साथ नियमित रूप से जिला स्तर पर रिपोर्टिंग करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर संभावित जोखिमों का आकलन कर समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में सिविल सर्जन, आयुष चिकित्सक, वन प्रमंडल पदाधिकारी दिलीप कुमार यादव, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी सहित समिति के अन्य सदस्य और संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।