मुरादाबाद, 06 नवंबर । मुरादाबाद मे पाकबड़ा स्थित विल्सोनिया स्कॉलर्स होम में आयोजित तीन दिवसीय 10वीं विल्सोनिया गोल्डन जुबली चैंपियंस ट्रॉफी इंटर स्कूल वॉलीबॉल प्रतियोगिता के अंतिम दिन शुक्रवार को फाइनल मुकाबले खेले गए। बालिका वर्ग में केसीएम और बालक वर्ग में राजेंद्र एकेडमी की टीम ने चैंपियन ट्रॉफी जीती।
प्रतियोगिता में करीब 50 विद्यालयों की टीमों ने प्रतिभाग किया था। बालिका वर्ग में केसीएम ने पहला, विल्सोनिया स्कॉलर्स होम पाकबड़ा ने दूसरा और एसएस चिल्ड्रन एकेडमी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं बालक वर्ग में राजेंद्र एकेडमी विजेता रही। सेंट मैरी कॉन्वेंट स्कूल अगवानपुर ने दूसरा और आरआरके स्कूल आशियाना ने तीसरा स्थान हासिल किया। अंतिम दिन खिलाड़ियों के बीच कड़े मुकाबले हुए।
समापन समारोह में विल्सोनिया एजुकेशन ग्रुप के निदेशक डॉ. आशीष संतराम, विल्सोनिया गर्ल्स स्कूल सिविल लाइंस की प्रधानाचार्या संगीता रेवीस, डॉ. विनोद कुमार, डॉ. जी कुमार उपस्थित रहे। विद्यालय की प्रधानाचार्या श्वेतांगना संतराम, उप प्रधानाचार्या शुमायला खान ने अतिथियों का स्वागत किया। डॉ. आशीष संतराम और श्वेतांगना संतराम ने विजेता टीमों को पदक और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया।