छत्तीसगढ़ में धान खरीद 15 नवंबर से , 10 नवंबर से किसान कटवा सकेंगे धान खरीद का टोकन

Spread the love

रायपुर 06 नवंबर । छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीद की तैयारियां पूरी की जा रही हैं। प्रदेश में धान खरीद 15 नवंबर 2026 से शुरू होकर 15 जनवरी 2027 तक चलेगी। इसके लिए किसानों को 10 नवंबर से टोकन जारी किए जाएंगे। किसान तुंहर टोकन मोबाइल ऐप के माध्यम से घर बैठे ऑनलाइन टोकन प्राप्त कर सकेंगे।

शासन ने किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष भी ऑनलाइन टोकन की व्यवस्था लागू की है। पंजीकृत किसान गूगल प्ले स्टोर से तुंहर टोकन ऐप डाउनलोड कर ओटीपी आधारित पंजीयन के बाद टोकन प्राप्त कर सकेंगे। किसान अपनी सुविधा के अनुसार आगामी दो माह की खरीदी अवधि में किसी भी दिन का टोकन ले सकेंगे।

शासन द्वारा निर्धारित व्यवस्था के अनुसार दो एकड़ तक भूमि वाले लघु किसानों को एक टोकन, दो एकड़ से अधिक और 10 एकड़ तक भूमि वाले किसानों को दो टोकन तथा 10 एकड़ से अधिक भूमि वाले बड़े किसानों को तीन टोकन जारी किए जाएंगे। इस व्यवस्था से बड़े किसानों को धान विक्रय में राहत मिलने की उम्मीद है।

प्रतिदिन की धान खरीदी सीमा के 70 प्रतिशत टोकन मोबाइल ऐप के माध्यम से तथा शेष 30 प्रतिशत टोकन संबंधित सहकारी समिति के जरिए जारी किए जाएंगे। ऑनलाइन टोकन की निर्धारित सीमा में 80 प्रतिशत टोकन लघु एवं सीमांत किसानों तथा 20 प्रतिशत टोकन बड़े किसानों के लिए आरक्षित किए गए हैं।

इस वर्ष शासन ने धान कॉमन का समर्थन मूल्य 2441 रुपये प्रति क्विंटल तथा धान ग्रेड-ए का समर्थन मूल्य 2461 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। प्रति एकड़ धान खरीदी की अधिकतम सीमा 21 क्विंटल लिंकिंग सहित तय की गई है। किसान पूर्व की भांति धान की मात्रा स्वयं दर्ज कर टोकन प्राप्त कर सकेंगे।

धान खरीद की प्रक्रिया बायोमेट्रिक आधारित प्रणाली से पूरी की जाएगी। किसानों की सुविधा के लिए जिले की 96 सहकारी समितियों के अंतर्गत 129 धान उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं। इनमें तीन नवीन उपार्जन केंद्र भी शुरू किए गए हैं। सभी केंद्रों में खरीदी से संबंधित आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।

टोकन प्राप्त करने अथवा धान विक्रय के दौरान किसी प्रकार की समस्या होने पर किसान शासन द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर 1800-233-3663 पर संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकते हैं।