लोरिकधाम हरदी दुर्गा स्थान में बाबा बजरंगबली की प्राण प्रतिष्ठा, 351 बालिकाओं ने निकाली भव्य कलश यात्रा

Spread the love

सुपौल, 07 नवंबर । जिला मुख्यालय से करीब 10 किलोमीटर पूरब स्थित लोरिकधाम हरदी दुर्गा स्थान परिसर में शनिवार को भक्ति, श्रद्धा और आस्था का भव्य नजारा देखने को मिला। मां वन दुर्गा मंदिर परिसर में नवनिर्मित मंदिर में बाबा बजरंगबली की विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ प्राण प्रतिष्ठा संपन्न कराई गई। इस धार्मिक अनुष्ठान को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्सवी माहौल बना रहा। मंदिर परिसर जय बजरंगबली और जय मां वन दुर्गा के जयकारों से गूंजता रहा।

इस पावन अवसर पर 351 बालिकाओं की सहभागिता में भव्य कलश यात्रा निकाली गई। पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश लेकर निकली बालिकाओं ने पूरे आयोजन को विशेष आकर्षण प्रदान किया। कलश यात्रा मां वन दुर्गा मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर दुर्गास्थान, आज़ान, हरदी, विशनपुर सहित आसपास के विभिन्न गांवों का भ्रमण करते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुंची। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। जगह-जगह ग्रामीणों ने कलश यात्रा का स्वागत किया।

मां वन दुर्गा मंदिर न्यास समिति के सचिव डॉ. अमन कुमार ने कहा कि बाबा बजरंगबली की प्राण प्रतिष्ठा केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए आस्था, एकता और संस्कार का प्रतीक है। मां वन दुर्गा और बाबा बजरंगबली की कृपा से यह क्षेत्र सदैव सुख, शांति और समृद्धि से परिपूर्ण रहेगा।

उन्होंने कहा कि 351 बालिकाओं की कलश यात्रा हमारी बेटियों के संस्कार, शक्ति और सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक है। बालिकाएं हमारी संस्कृति की सच्ची वाहक हैं और ऐसे धार्मिक आयोजनों में उनकी भागीदारी समाज को सकारात्मक संदेश देती है। उन्होंने मंदिर निर्माण में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं एवं ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनसहयोग और श्रद्धालुओं के अटूट विश्वास से ही मंदिर निर्माण का कार्य संभव हो पाया है।

इस अवसर पर न्यास समिति के कोषाध्यक्ष जगदीश प्रसाद यादव, भगवानदत्त यादव, अरुण यादव, हृदय नारायण मुखिया, जीवनेश्वर पाठक, देवेंद्र यादव, छोटेलाल मेहता, मुख्य महंत नरेश दास, प्रशम प्रकाश, मुन्ना चमन, शंभु यादव, गोपाल क्रांति, रामचंद्र यादव, छूतहरु दास, सिंहेश्वरी दास, रविंद्र कुमार, ललित मुखिया, विवेक कुमार सहित बड़ी संख्या में साधु-संत, महिलाएं, युवा एवं आसपास के गांवों के श्रद्धालु मौजूद रहे। पूरे आयोजन में भक्तिमय वातावरण बना रहा।