भरतपुर, 08 नवंबर । बयाना रेलवे स्टेशन का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें एक व्यक्ति प्लेटफॉर्म पर एक युवक की पिटाई करता नजर आ रहा है। वीडियो सामने आने के बाद आरपीएफ ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि घटना बुधवार शाम की है।
वीडियो में दिखाई दे रहा है कि रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर एक व्यक्ति युवक को पकड़कर उसके साथ मारपीट कर रहा है। आसपास मौजूद लोगों के अनुसार युवक पर प्लेटफॉर्म पर महिलाओं के साथ छेड़छाड़ करने का आरोप था। इसी दौरान अपनी पत्नी के साथ स्टेशन पर मौजूद व्यक्ति की नजर युवक पर पड़ी। इसके बाद उसने युवक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी।
मारपीट करने के बाद व्यक्ति ट्रेन में बैठकर वहां से चला गया। घटना के दौरान मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने इसका वीडियो बना लिया, जो अब सामने आया है। हालांकि, वीडियो में पिटाई के पीछे बताए जा रहे कारण की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
आरपीएफ चौकी प्रभारी तुलसीराम ने बताया कि वीडियो उनके संज्ञान में आया है। वीडियो में एक व्यक्ति युवक की पिटाई करता दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वीडियो बुधवार शाम का बताया जा रहा है। फिलहाल पिटाई करने वाले व्यक्ति और युवक की पहचान नहीं हो पाई है। अब आरपीएफ वीडियो और उपलब्ध जानकारी के आधार पर दोनों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।