छठ व्रतियों के लिए धनबाद विधायक राज सिन्हा ने मंगवाया 10 हजार बोतल गंगाजल

Spread the love

धनबाद, 09 नवंबर । लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर धनबाद में तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बीच धनबाद के विधायक राज सिन्हा ने छठ व्रतियों के लिए विशेष पहल की है। इस वर्ष छठ पूजा के दौरान भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के लिए श्रद्धालुओं के बीच गंगाजल का वितरण किया जाएगा। इसके लिए बिहार के सुल्तानगंज से हजारों लीटर गंगाजल मंगाया गया है। करीब 10 हजार बोतलों में गंगाजल भरकर छठ व्रतियों के बीच वितरित करने की तैयारी की जा रही है।

विधायक आवास पर इन दिनों गंगाजल की बोतलों में पैकिंग का काम तेजी से चल रहा है। योजना के तहत धनबाद विधानसभा क्षेत्र के अधिक से अधिक छठ घाटों तक गंगाजल पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे कि श्रद्धालु भगवान सूर्य को गंगाजल से अर्घ्य अर्पित कर सकें।

विधायक राज सिन्हा ने बताया कि धनबाद से गंगा नदी काफी दूर है। ऐसे में छठ महापर्व के दौरान प्रत्येक श्रद्धालु के लिए गंगाजल की व्यवस्था करना आसान नहीं होता। इसी परेशानी को देखते हुए उन्होंने कई वर्ष पहले गंगाजल वितरण की पहल शुरू की थी। इस वर्ष भी उसी परंपरा को जारी रखते हुए सुल्तानगंज से गंगाजल मंगाया गया है।

उन्होंने कहा कि उनकी कोशिश रहेगी कि वे स्वयं और उनके कार्यकर्ता विधानसभा क्षेत्र के अधिक से अधिक छठ घाटों तक पहुंचकर श्रद्धालुओं को गंगाजल उपलब्ध कराएं।

गंगाजल वितरण के लिए घाटों के अनुसार अलग-अलग व्यवस्था की जा रही है। कुछ छठ घाटों पर पहले अर्घ्य के दिन, जबकि अन्य घाटों पर दूसरे अर्घ्य के दिन गंगाजल वितरित किया जाएगा। इसके अलावा विधायक की ओर से छठ व्रतियों के लिए आम की लकड़ी और साड़ी वितरण की भी व्यवस्था की गई है।———–