जमशेदपुर में विवाहिता का शव फंदे से लटका मिला

Spread the love

पूर्वी सिंहभूम, 09 नवंबर । जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र स्थित मनीफिट उड़िया बस्ती में सोमवार को एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला। सूचना मिलने पर टेल्को पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान खुशबू कुमारी के रूप में हुई है। उसके पति मनोज कुमार कोलकाता में काम करते हैं। बताया जाता है कि घटना से एक दिन पहले रविवार को दोनों के बीच फोन पर किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। खुशबू ने रविवार को मनोज को फोन किया था, लेकिन उस समय वह फोन नहीं उठा सके। इसके बाद सोमवार सुबह मनोज ने पत्नी को फोन किया। बातचीत नहीं हो पाने पर उन्हें घटना की जानकारी मिली।

स्थानीय लोगों से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मनीफिट उड़िया बस्ती पहुंची। घर के अंदर विवाहिता का शव फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि खुशबू ने किन परिस्थितियों में फंदे से लटककर जान दी। पुलिस मामले को संदिग्ध मानकर विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। पति-पत्नी के बीच हुई बातचीत, पारिवारिक परिस्थितियों और घटना से पहले की गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।——–