भागलपुर, 11 नवंबर । लोक आस्था के महापर्व छठ के पावन अवसर पर लायंस क्लब ऑफ भागलपुर रॉयल द्वारा एक सराहनीय सामाजिक पहल की गई। क्लब की ओर से बुधवार को आर्थिक रूप से असक्षम 51 छठ व्रतियों के बीच संपूर्ण पूजन सामग्री का वितरण किया गया। इस विशेष कार्यक्रम का आयोजन शहर के ‘इंटेलिजेंट्सिया किड्स प्ले स्कूल’ के प्रांगण में किया गया था। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रथम उपज़िलापाल अविनाश कुमार साह के कर कमलों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस दौरान उन्होंने लायंस क्लब के इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए कहा कि जरूरतमंदों की मदद करना ही सच्ची मानवता है और महापर्व के समय ऐसा प्रयास बेहद सराहनीय है। संस्था द्वारा सभी 51 छठ व्रतियों को पूरी श्रद्धा के साथ सूप, नारियल, साड़ी, गेहूं, सिंदूर, अगरबत्ती, आलता और बद्दी सहित पर्व में उपयोग होने वाली अन्य आवश्यक सामग्रियां भेंट की गईं। पूजन सामग्री पाकर सभी लाभार्थियों के चेहरे खिल उठे। व्रतियों ने अपनी खुशी का इजहार करते हुए इस पुनीत कार्य के लिए संस्था के प्रति सहृदय आभार व्यक्त किया और दुआएं दीं।
इस सेवा कार्य को सफल बनाने में लायंस क्लब की अध्यक्ष शिखा सिंहानिया और कार्यक्रम के संयोजक प्रीतम कुमार ने मुख्य भूमिका निभाई। इस अवसर पर पूर्व ज़िलापाल अनुपम सिंहानिया, संकल्प मेहरोत्रा, कुंज मोहन चौधरी, अंकित बाजोरिया, निधि राजगढ़िया, राजकुमारी जैन, नीलम अग्रवाल, ब्रजेश अग्रवाल सहित क्लब के कई अन्य सदस्य और गणमान्य लोग उपस्थित थे। सभी ने मिलकर व्रतियों के बीच सामग्री का वितरण किया और उनके प्रति सम्मान प्रकट किया।