कटिहार डीआरएम ने किया अररिया-ठाकुरगंज रेलखंड का सघन निरीक्षण, यात्री सुविधाओं व स्वच्छता को प्राथमिकता देने का सख्त निर्देश

Spread the love

कटिहार, 11 नवंबर । कटिहार रेल मंडल अंतर्गत परिचालन व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) किरेंद्र नरह ने बुधवार को अररिया-ठाकुरगंज रेल सेक्शन का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दलन, रौतारा, सतर हॉल्ट, अररिया कोर्ट, ठाकुरगंज, आलुआबाड़ी रोड, किशनगंज एवं बारसोई सहित विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर रुककर यात्री सुविधाओं और बुनियादी ढांचे का बारीकी से जायजा लिया।

निरीक्षण के क्रम में डीआरएम ने स्टेशन परिसरों की साफ-सफाई, रखरखाव, प्रतीक्षालय, पेयजल व प्रकाश व्यवस्था समेत आधारभूत संरचना के विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने मौके पर मौजूद संबंधित विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि यात्री सुविधाओं में निरंतर सुधार सुनिश्चित किया जाए। साथ ही स्टेशन परिसरों में उच्च स्तर की स्वच्छता बनाए रखने और चल रहे निर्माण व विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से पूरा करने की सख्त हिदायत दी।

रेल प्रशासन के अनुसार, इस निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य सेक्शन में रेल परिचालन की वर्तमान स्थिति का वास्तविक आकलन करना और कमियों को चिह्नित कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाना है, ताकि रेल यात्रियों को सुरक्षित और सुगम यात्रा का अनुभव मिल सके।

इस सघन निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) प्रभात रंजन सिंह, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक आसिफ अली, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (तृतीय) रमन वर्मा, मंडल इंजीनियर (द्वितीय) अशोक कुमार तथा सहायक वाणिज्य प्रबंधक निशांत कुमार सहित विभिन्न विभागों के वरीय अधिकारी एवं रेल कर्मी उपस्थित थे।