नई दिल्ली, 23 नवंबर । उच्चतम न्यायालय ने सोमवार को न्यायिक अधिकारियों की ओर से सेवा संबंधी लाभ, सुविधाओं और सेवानिवृत्ति आयु में बदलाव की मांग को लेकर बार-बार अदालतों का रुख किए जाने पर नाराजगी जताई। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने न्यायिक अधिकारियों की कार्यप्रणाली और अदालतों में उनकी उपलब्धता पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें अपने न्यायिक दायित्वों पर अधिक ध्यान देना चाहिए।
मुख्य न्यायधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली बेंच केरल में जिला न्यायाधीशों की सीधी भर्ती से संबंधित मामले की सुनवाई कर रही थी। इसी दौरान मुख्य न्यायाधीश ने न्यायिक अधिकारियों की ओर से सेवा लाभ और अन्य सुविधाओं को लेकर बार-बार आवेदन दाखिल किए जाने पर टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि न्यायिक अधिकारी हर मामले में सुविधाओं और सेवा लाभों की मांग लेकर न्यायालय पहुंच रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि न्यायिक अधिकारी न्यायालय में काम करने के बजाय इन मांगों पर अधिक ध्यान क्यों दे रहे हैं।
सुनवाई के दौरान उन्होंने अदालतों में न्यायिक अधिकारियों की उपस्थिति को लेकर भी टिप्पणी की। मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि सुबह 10 बजे अदालतों में जाने पर कई बार अधिकारी न्यायालय कक्ष में मौजूद नहीं होते और अपने कक्षों में बैठे होते हैं। उन्होंने कहा कि न्यायिक अधिकारियों का ध्यान सेवानिवृत्ति आयु बढ़ाने, सेवा लाभ और अन्य सुविधाओं पर केंद्रित है, जबकि अदालतों के बाहर अपने मामलों की सुनवाई के इंतजार में लोग खड़े रहते हैं।