पंचायत चुनाव में हार के बाद भाजपा जोड़-तोड़ और दबाव की राजनीति कर रही : गहलोत

Spread the love

जयपुर, 23 नवंबर । पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पंचायत समिति और जिला परिषद चुनाव के बाद प्रधान व जिला प्रमुख के चुनाव को लेकर भाजपा सरकार पर जोड़-तोड़, हॉर्स ट्रेडिंग और पुलिस के जरिए कांग्रेस के निर्वाचित सदस्यों पर दबाव बनाने का आरोप लगाया है। सोमवार को अपने आवास पर मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि जनता ने भाजपा को चुनाव में करारी शिकस्त दी है, लेकिन सरकार जनादेश स्वीकार करने के बजाय कांग्रेस सदस्यों को तोड़ने में जुटी है। टोंक जिले में कांग्रेस की बाड़ाबंदी में पुलिस के तीन बार पहुंचने और प्रधान पद के उम्मीदवारों को धमकाने का भी आरोप लगाया।

गहलोत ने बिजली के खंभों पर चुनाव से पहले लगाई गई लाइटें हटाने के मामले में कहा कि यदि ये अवैध थीं तो चुनाव से पहले क्यों लगाई गईं? चुनाव हारने के बाद इन्हें हटाकर आम जनता को क्यों परेशान किया जा रहा है। उन्होंने एक पंचायत समिति का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां भाजपा का केवल एक सदस्य जीता, जबकि कांग्रेस के 18 सदस्य निर्वाचित हुए हैं, फिर भी भाजपा प्रधान बनाने के लिए जोड़-तोड़ कर रही है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के गृह जिले में भी कांग्रेस को पूर्ण बहुमत मिलने के बावजूद भाजपा पर दबाव की राजनीति करने तथा दो लोगों को उठाकर ले जाने का आरोप लगाया। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसी गतिविधियां जारी रहीं तो विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा को ऐतिहासिक सबक सिखाएगी। गहलोत ने कहा कि नगर पालिका चुनावों में पुलिस के दबाव का जवाब जनता पंचायत चुनाव में दे चुकी है।

उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों पर भी सरकार के दबाव में काम करने का आरोप लगाया। कहा कि एसीबी, पुलिस मुख्यालय और अन्य विभागों तक दबाव की स्थिति है तथा ब्यूरोक्रेसी में भी सरकार के भविष्य को लेकर चर्चा होने लगी है। चुनावी हार के बाद सरकार को आत्मचिंतन करना चाहिए।

गहलोत ने पिछली कांग्रेस सरकार की परियोजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि कई इमारतें तैयार होने के बावजूद मौजूदा सरकार उन्हें शुरू नहीं कर पा रही है। जवाहरलाल नेहरू मार्ग स्थित महात्मा गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंस के लिए टाटा के साथ एमओयू किया गया था। संस्थान शुरू होने से प्रदेश के विद्यार्थियों को लाभ मिलता। वहीं, करीब 300 करोड़ रुपए की लागत से बने जयपुर के कोचिंग हब में अब तक कोचिंग संस्थानों की गतिविधियां शुरू नहीं हो सकी हैं। शहर के रिहायशी क्षेत्र में कोचिंग संस्थान संचालित होने से यातायात जाम की समस्या बनी हुई है और कोचिंग हब का उपयोग नहीं हो रहा है।

स्वास्थ्य बीमा योजना पर सरकार को घेरते हुए उन्होंने कहा कि 25 लाख रुपए तक के स्वास्थ्य बीमा की व्यवस्था आज भी चल रही है, लेकिन आमजन में इसका दायरा घटाकर पांच लाख रुपए किए जाने का संदेश चला गया है। निजी अस्पतालों पर मनमानी वसूली का आरोप लगाते हुए उन्होंने चिकित्सा व्यवस्था सुधारने और हृदय, किडनी व घुटनों जैसी गंभीर बीमारियों का नि:शुल्क उपचार उपलब्ध कराने की सलाह दी।