धनबाद में विकास योजनाओं की उपायुक्त ने की समीक्षा, निर्माण कार्यों में तेजी लाने का निर्देश

Spread the love

धनबाद, 23 नवंबर । धनबाद जिले में विकास योजनाओं को गति देने और निर्माण कार्यों में तेजी लाने के उद्देश्य से सोमवार को समाहरणालय में उपायुक्त आदित्य रंजन की अध्यक्षता में संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क निर्माण, चौड़ीकरण, विद्युत आपूर्ति और पेयजल से संबंधित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

इस दौरान रानी रोड, ब्रह्मांडिह-करियो रोड, बिनोद बिहारी चौक से पॉलिटेक्निक रोड के चौड़ीकरण और सर्किट हाउस रोड सहित कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों पर चर्चा हुई। उपायुक्त ने विशेष रूप से बेलगड़िया टाउनशिप में विद्युत सबस्टेशन निर्माण का कार्य जल्द शुरू करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।

उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही बाधाओं को शीघ्र दूर करने को कहा। उन्होंने लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने तथा आवश्यक योजनाओं का प्राक्कलन तैयार कर प्रस्तुत करने का निर्देश भी दिया।

उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि जिले में संचालित विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभाग निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्यों में प्रगति सुनिश्चित करें, जिससे कि आम लोगों को सड़क, बिजली और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं का लाभ मिल सके।

बैठक में उप विकास आयुक्त सन्नी राज, डीएफओ श्वेताब सुमन सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी, अभियंता, संवेदक और पीएमयू के प्रतिनिधि उपस्थित थे।——–