खूंटी, 23 नवंबर । राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत रविवार को जिले में विभिन्न विभागों की ओर से रोजगार, महिला सशक्तीकरण, सामाजिक जागरूकता, स्वच्छता, पशु संरक्षण और सांस्कृतिक गतिविधियों से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से आम लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया।
श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग की ओर से जिला नियोजनालय-सह-मॉडल करियर सेंटर, खूंटी में एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में बेरोजगार युवक-युवतियों ने भाग लिया। रोजगार मेले में चयनित अभ्यर्थियों को मौके पर ही नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित खूंटी विधायक राम सूर्या मुंडा ने चयनित युवक-युवतियों के बीच नियुक्ति पत्र वितरित किया।
वहीं, समाज कल्याण विभाग की ओर से बाल विवाह मुक्त झारखंड अभियान के तहत ‘बेटी का सम्मान-भविष्य का निर्माण’ कार्यक्रम आयोजित कर बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के खिलाफ जागरूकता का संदेश दिया गया। जेएसएलपीएस की ओर से स्वच्छता रैली निकाली गई, जिसमें समूह की दीदियों और स्थानीय नागरिकों ने हिस्सा लेकर स्वच्छता का संदेश दिया।
पशुपालन विभाग की ओर से विशेष पशु चिकित्सा और एंटी रेबीज टीकाकरण शिविर लगाया गया। कल्याण विभाग ने नगर भवन में पारंपरिक आदिवासी नृत्य प्रतियोगिता आयोजित की, जिसमें जिले के विभिन्न कलाकारों और सांस्कृतिक समूहों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके अलावा गव्य विकास विभाग ने मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत लाभुकों को अनुदान पर पशुधन उपलब्ध कराया।
विभिन्न विभागों के इन आयोजनों के जरिए रोजगार के अवसर बढ़ाने, सामाजिक कुरीतियों को दूर करने, पशुधन संरक्षण और जिले की समृद्ध आदिवासी संस्कृति को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया गया।