महिला से छेड़छाड़ और मारपीट का फरार आरोपित गिरफ्तार

Spread the love

बीजापुर, 24 नवंबर । जिले के भोपालपटनम थाना क्षेत्र में एक महिला के घर में घुसकर कथित तौर पर छेड़छाड़ और मारपीट करने के मामले में फरार चल रहे आरोपित बाबर खान (36 वर्ष), पिता स्वर्गीय जहांगीर खान को बीजापुर पुलिस ने महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित को महाराष्ट्र के सिरोंचा से हिरासत में लेकर कार्यवाही उपरांत आज मंगलवार काे भोपालपटनम थाना लाया जाकर उसे न्यायिक रिमांड पर न्यायालय के समक्ष पेश करने के लिए रवाना किया गया।

भोपालपटनम पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार भोपालपटनम थाना क्षेत्र की एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपित उसके घर में घुसा और गलत नीयत से उसके साथ छेड़छाड़ करते हुए मारपीट की। महिला की शिकायत पर थाना भोपालपटनम में अपराध क्रमांक 23/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 74 में मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई थी। मामला दर्ज होने के बाद से ही आरोपित बाबर खान पुलिस की गिरफ्त से बाहर था। पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी, लेकिन वह गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार चल रहा था। इस दौरान पुलिस टीम आरोपित के संभावित ठिकानों और उसके संबंध में मिलने वाली सूचनाओं के आधार पर पतासाजी कर रही थी।

इसी बीच पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि फरार आरोपित महाराष्ट्र के सिरोंचा में मौजूद है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए भोपालपटनम पुलिस की टीम ने महाराष्ट्र के सिरोंचा में दबिश दी और आरोपित को अभिरक्षा में लेकर थाना भोपालपटनम पहुंचाया। यहां पूछताछ के दौरान पुलिस के अनुसार आरोपित ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय के समक्ष पेश किया।