खूंटी , 24 नवंबर । तोरपा के विधायक सुदीप गुड़िया ने मंगलवार को तोरपा प्रखंड के हाबो नाला और तपकारा अंबाटोली नाला में दो चेक डैम का शिलान्यास किया।
मौके पर विधायक ने कहा कि वे खुद किसान परिवार से आते हैं और आज भी उनके परिवार की आजीविका का मुख्य आधार कृषि ही है।
उन्होंने कहा कि इसी मरदा नदी या अंबा टोली नाला के पानी से ही हाथों से सिंचाई कर गेहूं की खेती करते थे। यह सिलसिला अभी जारी है। उन्होंने कहा कि गर्मी के दिनों में नाला के सूख जाने से सिंचाई में काफी समस्या होती थी और इसका असर कृषि उत्पादन पर पड़ता था। यही स्थिति पाटपुर के हाबो नाला के आसपास रहने वाले लोगों की थी।
विधायक ने कहा कि दोनों चेक डैम के बन जाने से इस क्षेत्र के किसानों को सिंचाई में काफी सुविधा होगी। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार का प्रयास है कि किसानों कि आय दुगुनी हो। चेक डैम के निर्माण से भूगर्भ जल का के स्टार में भी वृद्धि होगी।
मौके पर कार्यकारी एजेंसी लघु सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता ने बताया कि हाबो नाला पर 52 लाख और अंबाटोली नाला पर 60 लाख रुपए की राशि से चेक डैम का निर्माण किया जाएगा।
मौके पर झामुमो के जिला अध्यक्ष जुबैर अहमद, जिला परिषद सदस्य सुशांति कोंगाडी, तपकरा पंचायत की मुखिया रोशनी गुड़िया, मोजिर अंसारी, अमृत हेमरोम जेम्स तोपनो, विश गुड़िया, मुकेश सिंह, फिरोज खान, सोहैल अंसारी सहित काफी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।