दीदी-वैणी योजना पर कांग्रेस के सवाल, सभी महिलाओं को मिले 10 हजार रुपये की सम्मान राशि : गोदियाल

Spread the love

देहरादून, 25 नवंबर । उत्तराखंड में भाजपा सरकार की ओर से घोषित दीदी-वैणी योजना को लेकर कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने आरोप लगाया कि भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव में लाभ लेने के लिए महिलाओं को इस योजना के नाम पर गुमराह कर रही है। उन्होंने मांग की कि योजना के तहत घोषित 10 हजार रुपये की सम्मान राशि प्रदेश की सभी पात्र महिलाओं को दी जाए। साथ ही चुनाव के बाद दी जाने वाली 10 हजार रुपये की दूसरी किस्त भी दिसंबर में ही महिलाओं के बैंक खातों में हस्तांतरित की जाए।

बुधवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित संयुक्त पत्रकार वार्ता में गणेश गोदियाल, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, प्रदेश चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह और प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत ने भाजपा सरकार की योजना पर सवाल उठाए।

गोदियाल ने कहा कि सरकार ने दीदी-वैणी योजना के तहत महिलाओं के खातों में चुनाव से पहले 10-10 हजार रुपये और चुनाव के बाद 10-10 हजार रुपये देने की घोषणा की है। कांग्रेस का मानना है कि यह महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण के बजाय चुनावी लाभ लेने का प्रयास है। उन्होंने ग्राम्य विकास मंत्री भरत चौधरी के इस योजना को चुनाव में गेम चेंजर बताने संबंधी बयान का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे सरकार की चुनावी मंशा जाहिर होती है।

उन्होंने कहा कि यदि भाजपा सरकार वास्तव में महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत करना चाहती तो पांच साल तक उनकी समस्याओं की अनदेखी करने के बजाय प्रत्येक माह उनके खातों में सम्मान राशि भेजती। महिलाओं को चुनाव के समय एकमुश्त धनराशि देने के बजाय स्थायी आर्थिक सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के अवसर उपलब्ध कराने चाहिए।

पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने योजना के लाभार्थियों की संख्या पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार ने इसके लिए केवल 5 लाख 23 हजार महिलाओं का चयन किया है, जबकि प्रदेश में लगभग 43 लाख 7 हजार वयस्क महिलाएं हैं। उन्होंने कहा कि इनमें से लगभग 19 लाख 7 हजार 974 महिलाओं के बैंक खाते हैं। ऐसे में बाकी महिलाओं को योजना से बाहर रखने का आधार स्पष्ट होना चाहिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान और आर्थिक सुरक्षा से जुड़ी योजना का लाभ कुछ चुनिंदा महिलाओं तक सीमित नहीं रहना चाहिए। कांग्रेस मांग करती है कि लाभार्थियों की संख्या बढ़ाकर प्रदेश की सभी पात्र महिलाओं को इसमें शामिल किया जाए और चुनाव के बाद की घोषित धनराशि भी दिसंबर में दी जाए।

प्रदेश चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने भाजपा पर महिला सम्मान के मुद्दे पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जिन राज्यों में भाजपा की सरकारें हैं, वहां महिलाओं पर अत्याचार की घटनाएं सामने आती रही हैं और कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा सरकारें कई मामलों में दोषियों को बचाने का प्रयास करती हैं। उन्होंने अंकिता भंडारी हत्याकांड का उल्लेख करते हुए कहा कि कथित वीआईपी का नाम उजागर करने के सवाल पर भी भाजपा बचती रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव नजदीक आते ही जनता के धन से महिलाओं को आर्थिक सहायता देने की घोषणा कर उन्हें प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है।

प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि महिलाओं का सम्मान केवल चुनावी घोषणाओं और एकमुश्त आर्थिक सहायता से सुनिश्चित नहीं हो सकता। इसके लिए स्थायी आर्थिक सुरक्षा, रोजगार के अवसर और आत्मनिर्भरता जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर बेरोजगार परिवारों को रोजगार से जोड़ने की ठोस व्यवस्था की जाएगी। साथ ही प्रदेश की सभी महिलाओं को हर महीने महिला सम्मान राशि दी जाएगी।

पत्रकार वार्ता में प्रदेश महामंत्री संगठन राजेंद्र सिंह भंडारी, पूर्व सैनिक विभाग के अध्यक्ष कर्नल राम रतन नेगी, प्रदेश मीडिया कमेटी की राष्ट्रीय समन्वयक पंखुड़ी पाठक और प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।