सूरजपुर, 26 नवंबर । खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री दयाल दास बघेल ने 26 नवंबर को सूरजपुर जिले के प्रवास के दौरान जयनगर और रामनगर धान उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने खरीद व्यवस्था का जायजा लेने के साथ किसानों से बातचीत कर टोकन और धान विक्रय में आ रही समस्याओं की जानकारी ली। किसानों ने बताया कि उन्हें टोकन प्राप्त करने और धान बेचने में किसी तरह की परेशानी नहीं हो रही है।
प्रभारी मंत्री ने किसानों को कृषक उन्नति योजना के प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया कि, इस वर्ष प्रति एकड़ निर्धारित 21 क्विंटल से कम धान बेचने की स्थिति में भी पात्र किसानों को समर्थन मूल्य की अंतर राशि प्रति एकड़ के आधार पर पूरी दी जाएगी। उन्होंने किसानों को अपना धान विक्रय खाता बिचौलियों को नहीं देने की समझाइश दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों की उपज का एक-एक दाना खरीदने के लिए प्रतिबद्ध है।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर रेना जमील ने जिले में धान खरीद के लिए की गई व्यवस्थाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सभी उपार्जन केंद्रों में जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं और पारदर्शिता के साथ खरीदी की जा रही है। केंद्रों में किसानों के नाम और ऋण संबंधी सूची चस्पा की गई है। इसके अलावा माइक्रो एटीएम के माध्यम से किसानों को समिति स्तर पर ही राशि निकालने की सुविधा दी जा रही है। प्रभारी मंत्री ने सभी केंद्रों में कृषक उन्नति योजना से संबंधित पोस्टर लगाने और योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।
रामनगर धान खरीद केंद्र में मंत्री ने धान बेचने पहुंचीं किसान विमला देवी और रामविलास मानिकपुरी से चर्चा कर उपलब्ध सुविधाओं और खरीद व्यवस्था का फीडबैक लिया। उन्होंने दोनों किसानों को कृषक उन्नति योजना के तहत मिलने वाली अंतर राशि के प्रावधानों से भी अवगत कराया।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री ने नमी मापक यंत्र से धान की नमी की जांच कराई और तौल मशीन से बोरियों का वजन भी कराया। उन्होंने निर्धारित मापदंड के अनुसार बोरियों में धान भरने के निर्देश दिए। साथ ही हमालों से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी लेकर संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।