सोंदारी पंचायत में चलाया गया मेगा विधिक जागरूकता अभियान

Spread the love

खूंटी , 26 नवंबर । राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा), नई दिल्ली एवं झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (झालसा ), रांची के निर्देश पर गुरुवार को तोरपा प्रखंड के सोंदारी पंचायत में मेगा विधिक जागरूकता अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकार, खूंटी की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में कानूनी जागरूकता बढ़ाना और समाज के अंतिम व्यक्ति तक विधिक सहायता पहुंचाना था।

प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार रसिकेश कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में पैनल अधिवक्ता मदन मोहन राम और सपोर्ट पर्सन ने ग्रामीणों को जिला विधिक सेवा प्राधिकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान निःशुल्क विधिक सहायता, महिला अधिकार, बाल संरक्षण, वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार और विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया।

ग्रामीणों को अपने कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और किसी भी प्रकार की विधिक समस्या होने पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार से सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया। वक्ताओं ने बताया कि विधिक सेवा प्राधिकार जरूरतमंद लोगों को न्याय तक पहुंच उपलब्ध कराने और उनके अधिकारों की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

कार्यक्रम में डालसा के पीएलवी मनीषा देवी, नकुल बिनोद भेंगरा और एलेक्स स्वांसी, पंचायत मुखिया शिव कुमार लिंडा, कुंदन साहू, पंचायत सचिव ललित महतो सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।