एमएमडीआर संशोधन बिल लागू होने से झारखंड को हर साल 13 हजार करोड़ राजस्व का होगा नुकसान : हेमंत सोरेन

Spread the love

रांची, 26 नवंबर । झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र के दौरान गुरुवार मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने एमएमडीआर संशोधन विधेयक को लेकर सरकार की ओर से संकल्प पेश किया।

इस अवसर पर उन्होंने संविधान दिवस के अवसर पर सदन को शुभकामनाएं दीं। इसके बाद खान एवं भूतत्व विभाग के प्रभारी मंत्री के रूप में उन्होंने केंद्र सरकार के खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन अधिनियम, 2026 के खिलाफ संकल्प पेश करते हुए कहा कि इस विधेयक के लागू होने झारखंड को प्रतिवर्ष 13 हजार करोड रुपए के राजस्व होने की संभावना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से 17 अगस्त 2026 को अधिसूचित एमएमडीआर संशोधन अधिनियम से राज्यों के खनिज अधिकारों और खनिजयुक्त भूमि पर कर, उपकर एवं सेस लगाने की शक्तियां सीमित कर दी गई हैं। इतना ही नहीं, पूर्व में लगाए गए ऐसे करों के बकाये और वसूली नहीं की गई राशि के दावों को भी अमान्य कर दिया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 13 हजार करोड़ रूपये के राजस्व नुकसान से राज्य की सामाजिक सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए वित्तीय संसाधन जुटाने में कठिनाई होगी। इसका सीधा असर राज्य के विकास और आम जनता के हित में संचालित योजनाओं पर पड़ेगा।

खनन का नुकसान झेलने वाले समुदायों के विकास में खर्च होना चाहिए। खनिज से प्राप्त राजस्व

मुख्यमंत्री ने संकल्प में झारखंड की खनिज संपदा और यहां की सामाजिक परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए कहा कि झारखंड देश के सबसे खनिज संपन्न राज्यों में शामिल है। साथ ही यह आदिवासी बहुल राज्य भी है। राज्य के अधिकांश खनन क्षेत्रों में अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति और आदिम जनजाति के लोग निवास करते हैं। खनन गतिविधियों से होने वाले नुकसान का सबसे अधिक दंश भी इन्हीं समुदायों को झेलना पड़ता है।

उन्होंने कहा कि खनन प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को विस्थापन, जमीन से बेदखली, पर्यावरणीय क्षति और सामाजिक-सांस्कृतिक बदलाव जैसी गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे में खनिज संपदा से प्राप्त आर्थिक लाभ का एक हिस्सा इन क्षेत्रों में रहने वाले आदिवासियों, पिछड़ों और दलितों के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान तथा जनकल्याणकारी कार्यक्रमों पर खर्च किया जाना न्यायसंगत है।

मुख्यमंत्री ने अपने संकल्प में सर्वोच्च न्यायलय के मिनरल एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी बनाम स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड मामले में दिए गए फैसले का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय ने स्पष्ट किया है कि खनिजयुक्त भूमि भी भूमि है और संविधान की सातवीं अनुसूची की राज्य सूची की प्रविष्टि-49 के तहत राज्य सरकारों को ऐसी भूमि पर कर लगाने का अधिकार प्राप्त है। कर की गणना के लिए खनिज के मूल्य या उत्पादन को आधार बनाया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय का यह निर्णय राज्यों के संवैधानिक अधिकारों और संघीय ढांचे की भावना के अनुरूप है। खनन से प्रभावित समुदायों के सामाजिक और आर्थिक उत्थान के लिए खनिज राजस्व का एक हिस्सा खर्च करना कल्याणकारी राज्य का नैतिक और संवैधानिक दायित्व है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी संवैधानिक और न्यायिक पृष्ठभूमि में झारखंड विधानसभा ने झारखंड मिनरल बेयरिंग लैंड सेस विधेयक-2024 पारित किया था, जिसे राज्य सरकार ने अधिनियमित किया। इससे राज्य को प्रतिवर्ष लगभग 13 हजार करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हो रहा है। इस राशि का उपयोग राज्य के विभिन्न समुदायों के सामाजिक-आर्थिक विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं में किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि एमएमडीआर संशोधन अधिनियम-2026 लागू होने के बाद राज्य सरकारें केंद्र सरकार की ओर से निर्धारित शर्तों के बिना खनिज अधिकारों या खनिजयुक्त भूमि पर किसी प्रकार का कर, उपकर या अन्य लेवी नहीं लगा सकेंगी।

मुख्यमंत्री ने संकल्प में संशोधित कानून के प्रतिकूल प्रभावों को रेखांकित करते हुए कहा कि जिन क्षेत्रों ने खनन का सामाजिक और पर्यावरणीय बोझ उठाया है, उन्हीं क्षेत्रों के विकास के लिए उपलब्ध संसाधन कम हो जाएंगे। खनन के कारण विस्थापन, भूमि से बेदखली और सामाजिक-सांस्कृतिक बदलाव का सामना करने वाले अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति और आदिम जनजाति के लोगों के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान के प्रयास भी प्रभावित होंगे।

उन्होंने कहा कि खनिज संपदा से होने वाले लाभ में खनन प्रभावित समुदायों की भी हिस्सेदारी सुनिश्चित होनी चाहिए। केंद्र सरकार के नए संशोधन से राज्यों के वित्तीय अधिकारों के साथ-साथ खनन प्रभावित लोगों के विकास और कल्याण से जुड़े प्रयासों पर भी प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका है।