श्रावस्ती, 03 अक्टूबर । शादी का झांसा देकर आबकारी विभाग की महिला सिपाही से दुष्कर्म, गर्भपात कराने और बाद में शादी से इनकार करने के आरोप में दर्ज मुकदमे में आरोपित फूड इंस्पेक्टर आदर्श प्रताप की गिरफ्तारी न होने का मामला सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि मुकदमा दर्ज हुए करीब पखवाड़ा बीत चुका है, लेकिन पुलिस अब तक आरोपित को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। गिरफ्तारी की मांग को लेकर पीड़िता पुलिस अधिकारियों से लेकर मुख्यमंत्री तक गुहार लगा चुकी है।
पीड़ित ने भिनगा कोतवाली में तैनात फूड इंस्पेक्टर आदर्श प्रताप के खिलाफ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने, गर्भपात कराने, सगाई के बाद शादी से इनकार करने और जानमाल की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया था। पीड़ित का कहना है कि मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही उस पर सुलह का दबाव बनाया जा रहा है और लगातार धमकियां मिल रही हैं।
पीड़ित के मुताबिक, कुछ दिन पहले बाइक सवार दो लोगों ने उसके घर के पास उसका मोबाइल छीन लिया। आरोप है कि मोबाइल के साथ मौजूद जरूरी कागजात भी फाड़ दिए गए। घटना की शिकायत पुलिस से करने के बावजूद अभी तक न तो मुकदमा दर्ज किया गया और न ही छीना गया मोबाइल बरामद हो सका है।
पीड़ित के अनुसार, वह पिछले सप्ताह गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनता दर्शन में पहुंची थी और मामले की शिकायत की थी। पीड़िता का दावा है कि वहां उसे आरोपित की गिरफ्तारी का आश्वासन मिला था। इसके बाद करीब तीन दिन पहले उसने पुलिस अधीक्षक से भी मुलाकात कर कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की। पीड़ित के मुताबिक, एसपी की ओर से भी कार्रवाई का भरोसा दिया गया, लेकिन अब तक आरोपित की गिरफ्तारी नहीं हुई।
पीड़ित ने आरोप लगाया है कि आरोपित फूड इंस्पेक्टर गिरफ्तारी से बचने के लिए उच्च न्यायालय से राहत लेने का प्रयास कर रहा है और इसके लिए आवेदन भी किया गया है। हालांकि, इस संबंध में आरोपित का पक्ष सामने नहीं आया है और न ही पुलिस की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि की गई है।
मामले में अभी किसी अधिकारी का विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। हालांकि, शनिवार काे श्रावस्ती पुलिस के आधिकारिक एक्स अकाउंट से मामले को लेकर जानकारी साझा की गई है। पुलिस के अनुसार, थाना कोतवाली भिनगा में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर विवेचना प्रचलित है। अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई के लिए क्षेत्राधिकारी अपराध को जांच के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस ने कहा है कि प्रकरण में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
फिलहाल पीड़ित ने आरोपित की गिरफ्तारी के साथ अपनी सुरक्षा, मोबाइल बरामदगी और धमकी देने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।