अररिया 04 सितम्बर। बिहार में अररिया जिले के कुर्साकांटा प्रखंड के मध्य विद्यालय कुआड़ी की विशिष्ट शिक्षिका बेबी अर्चना कल 5 सितंबर को पटना के श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में आयोजित समारोह में राजकीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित होगी।
राज्य से चयनित किए गए 38 शिक्षक-शिक्षिकाओं में उनका नाम भी शामिल है। प्राथमिक शिक्षा निदेशालय ने उन्हें शिक्षक दिवस के अवसर पर 5 सितंबर को पटना के श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में आयोजित समारोह में पुरस्कार ग्रहण करने के लिए आमंत्रित किया है। विद्यालय के शिक्षकों, बच्चों, परिजनों और स्थानीय लोगों में बेबी अर्चना के चयन से खुशी की लहर है। लोग उनके घर पहुंचकर बधाई दे रहे हैं।
बेबी अर्चना को बच्चों के लिए बेहतर स्टडी मैटेरियल उपलब्ध कराने, विद्यालय में सकारात्मक शैक्षणिक माहौल तैयार करने और विभिन्न क्रिएटिव गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों की प्रतिभा निखारने के लिए सम्मानित किया जा रहा है। इससे पहले भी उन्हें इन कार्यों के लिए 14 सितंबर को जिला स्तर पर डीईओ द्वारा सम्मानित किया जा चुका है।
कुआड़ी निवासी बेबी अर्चना का चयन वर्ष 2013 में टीईटी के माध्यम से शिक्षिका के रूप में हुआ था। वह समाजशास्त्र से स्नातकोत्तर हैं। उनके पिता प्रकाश चंद्र गुप्ता इसी मध्य विद्यालय कुआड़ी से वर्ष 2014 में हेडमास्टर पद से सेवानिवृत्त हुए हैं।