एकलव्य विद्यालय में आयुष स्वास्थ्य शिविर, 240 लोगों को मिला आयुर्वेदिक उपचार

Spread the love

सूरजपुर, 27 सितंबर । सेवा संकल्प अभियान के तहत आयुष विभाग द्वारा पीएम श्री एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। आज रविवार को आयोजित शिविर में 240 लोगों को आयुर्वेदिक पद्धति से उपचार और स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया गया।

शिविर में पहुंचने वाले लोगों की स्वास्थ्य समस्याओं के आधार पर आयुष विभाग की टीम ने जांच कर आवश्यक परामर्श और उपचार उपलब्ध कराया। इस दौरान लोगों को संतुलित आहार लेने और स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया।

चिकित्सकों ने लोगों को स्वास्थ्य संबंधी समस्या होने पर उसे नजरअंदाज नहीं करने और समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह दी। शिविर के माध्यम से लोगों को आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति और इसके उपयोग के बारे में भी जानकारी दी गई।

आयुष विभाग के अनुसार, सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित शिविर का उद्देश्य लोगों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के साथ उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है। विद्यालय परिसर में शिविर लगने से लोगों को एक ही स्थान पर आयुष चिकित्सा और परामर्श की सुविधा मिली।