श्रावण के पहले सोमवार पर पुरा महादेव मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, लंबी कतारों में लगे श्रद्धालु

Spread the love

बागपत, 03 अगस्त । उत्तर प्रदेश के बागपत में सावन माह के पहले सोमवार को पुरा महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही शिवभक्तों की लंबी कतारें मंदिर परिसर और आसपास के मार्गों पर देखी गईं। मान्यता है कि सावन में 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन और भगवान भोलेनाथ को बेलपत्र अर्पित कर जलाभिषेक करने से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं, इसी आस्था के चलते बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे।

मंदिर के मुख्य पुजारी जयभगवान शास्त्री ने सुबह विधि-विधान और मंत्रोच्चारण के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक किया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने अपनी बारी आने पर जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। “हर-हर महादेव” के जयघोष से पूरा मंदिर परिसर गूंजता रहा और माहौल पूरी तरह भक्तिमय नजर आया।

प्रशासन ने भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए व्यापक इंतजाम किए। सुरक्षा के लिहाज से जगह-जगह पुलिस बल तैनात किया गया और सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी की व्यवस्था की गई। मंदिर परिसर के साथ-साथ पुलिस लाइन में भी कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है।

एसपी बागपत सूरज कुमार राय के निर्देशन में पुलिस टीम लगातार मॉनिटरिंग कर रही है, जिससे किसी भी स्थिति से तुरंत निपटा जा सके। प्रशासन की सतर्कता और बेहतर व्यवस्था के चलते श्रद्धालुओं ने भी सुगमता से दर्शन-पूजन किया।