बाराबंकी, 02 नवंबर । अयोध्या-लखनऊ हाईवे पर रविवार रात तेज रफ्तार सफारी ने दो बाइकों को टक्कर मार दी। भीषण हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर जुटे ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने हाईवे जाम कर दिया और सफारी चालक की पिटाई कर दी। इससे हाईवे पर करीब एक घंटे तक आवागमन बाधित रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
पुलिस के मुताबिक, रामसनेहीघाट क्षेत्र के ग्राम धरौली निवासी अनूप (18), विमलेश (19), अनिल यादव (17) और गया प्रसाद (17) रविवार को दो बाइकों से भंडारे में प्रसाद ग्रहण करने निकले थे। शाम को चारों बैसनपुरवा गांव के पास हाईवे पार कर रहे थे। इसी दौरान अयोध्या की ओर से लखनऊ जा रही तेज रफ्तार सफारी ने दोनों बाइकों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक बाइक करीब 200 मीटर तक सफारी में घिसटती चली गई। हादसे में अनूप, विमलेश और अनिल यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गया प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गया।
दुर्घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। तीन युवकों की मौत से आक्रोशित लोगों ने हाईवे पर जाम लगा दिया और सफारी चालक को पकड़कर उसकी पिटाई शुरू कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह चालक को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाया। जाम के चलते हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
सूचना मिलते ही सीओ सौरभ श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाकर स्थिति संभाली। क्षेत्रीय विधायक एवं राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा भी घटनास्थल पहुंचे। इसके बाद वह सीएचसी पहुंचे और घायल किशोर का हालचाल जाना। उन्होंने घायल को अपने वाहन से सीएचसी भिजवाने की व्यवस्था भी कराई। हादसे में तीन युवकों की मौत से धरौली गांव में शोक की लहर है।