कटिहार, 17 सितंबर । समाज कल्याण विभाग के तत्वावधान में आज प्रखंड कार्यालय कटिहार परिसर में जिला स्तरीय विशेष शिविर का आयोजन किया गया। गरीब, वंचित और जरूरतमंद वर्ग के जीवन स्तर में सुधार लाने के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग और जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत दर्जनों लाभुकों को सीधे लाभ प्रदान किया गया।
पेंशन और प्रोत्साहन योजनाओं का वितरण:
शिविर में जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग द्वारा 10 वृद्धजनों, 9 दिव्यांगजनों और 7 विधवा महिलाओं को विभिन्न पेंशन योजनाओं के स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। इसके साथ ही सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अंतरजातीय विवाह प्रोत्साहन योजना के 5 लाभुकों और मुख्यमंत्री निःशक्तजन विवाह प्रोत्साहन योजना के तहत 1 लाभुक को लाभान्वित किया गया।
उपकरण व ‘उज्ज्वल दृष्टि योजना’ का लाभ:
जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग की ओर से 18 दिव्यांगजनों को उनकी सुगमता के लिए आवश्यक सहायक उपकरण वितरित किए गए, जबकि 1 लाभुक को विशेष बैटरी चालित ट्राईसाइकिल सौंपी गई। वहीं, समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित ‘सक्षम’ की “उज्ज्वल दृष्टि योजना” के तहत 3 जरूरतमंद लाभुकों को चश्मा प्रदान किया गया।
सदर विधायक और डीएम रहे उपस्थित:
इस अवसर पर कटिहार सदर विधायक तारकिशोर प्रसाद और जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने संयुक्त रूप से लाभुकों को स्वीकृति पत्र व उपकरण वितरित किए। शिविर में वरीय उप समाहर्त्ता श्री अभिषेक रंजन, कोशी क्षेत्रीय वृद्ध/विधवा/विकलांग समिति के सचिव शिव शंकर रमाणी, सामाजिक सुरक्षा कोषांग की सहायक निदेशक श्रीमती यशस्वी तथा बुनियाद केंद्र व सामाजिक सुरक्षा विभाग के कर्मी मौजूद रहे।