जोधपुर, 29 अगस्त । लोहावट के चर्चित भंवरी हत्याकांड मामले में पुलिस की जांच लगातार जारी है। मामले में तीन संदिग्धों का पॉलीग्राफ टेस्ट कराने की तैयारी है। इसके लिए न्यायालय से मंजूरी मिल चुकी है और तीनों संदिग्धों ने भी टेस्ट के लिए सहमति दे दी है। पुलिस को उम्मीद है कि जांच की इस प्रक्रिया से हत्याकांड से जुड़े कुछ अहम तथ्यों और छिपे हुए राज सामने आ सकते हैं। वहीं मामले का खुलासा करने और आरोपिताें की गिरफ्तारी की मांग को लेकर लोहावट पुलिस थाने के बाहर अनिश्चितकालीन धरना जारी है।
फलोदी एसपी सतनाम सिंह ने बताया कि हत्याकांड की जांच को आगे बढ़ाते हुए तीन संदिग्धों का पॉलीग्राफ टेस्ट कराया जाएगा। न्यायालय की अनुमति मिलने के बाद अब यह टेस्ट अगले कुछ दिनों में कराया जा सकता है। पुलिस परिवार के सदस्यों और संदिग्धों से लगातार पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े तथ्यों को जोडऩे का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस टीम मामले में हर पहलू की जांच कर रही है। हत्याकांड में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं राजस्थान डीजी क्राइम के निर्देश के बाद भंवरी हत्याकांड की जांच के लिए जांच अधिकारी भी बदल दिया गया है। लोहावट वृताधिकारी भवानीसिंह को हटाकर अब एडीशनल एसपी फलोदी बृजराज सिंह चारण को मामले की जिम्मेदारी दी गई है।
27 जुलाई को भंवरी देवी बिश्नोई की उनके खेत पर स्थित घर के बाहर रात को सोते समय हत्या हुई थी। शनिवार को इस घटना के 33 दिन हो गए हैं। इसके बाद से आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर 24 दिन से थाने के बाहर पूर्व विधायक किशना राम विश्नोई की अगुवाई में धरना चल रहा है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो रहे हैं। एसपी फलोदी सतनाम सिंह ने बताया कि पुलिस की टीमें लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई हैं। उन्होंने कहा कि हत्याकांड में जो भी दोषी हैं, उन्हें किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।