गुरु पूर्णिमा पर भाजपा ने मनाया समरसता दीपोत्सव, संत रविदास के संदेशों को अपनाने का लिया संकल्प

Spread the love

सहरसा, 30 जुलाई । गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर भारतीय जनता पार्टी, सहरसा द्वारा जिलाध्यक्ष साजन शर्मा के नेतृत्व में संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में समरसता दीपोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से सामाजिक समरसता, समानता और भाईचारे का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।कार्यक्रम की शुरुआत संत रविदास चौक स्थित संत रविदास मंदिर में संत गुरु रविदास जी महाराज की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई।

इस दौरान उपस्थित भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं श्रद्धालुओं ने संत रविदास जी के बताए मार्ग पर चलने तथा उनके समरसता एवं मानवता के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का संकल्प लिया।इसके बाद भेड़धरी चौक स्थित हनुमान मंदिर में भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर गुरु पूर्णिमा का पर्व श्रद्धा एवं भक्ति के साथ मनाया।

इस अवसर पर भाजपा के जिला उपाध्यक्ष राजीव रंजन साह ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज का जीवन सामाजिक समरसता, समानता और मानवता का प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मूल मंत्र के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और सामाजिक समरसता का संदेश पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। गुरु रविदास जी के विचार आज भी समाज को भेदभाव से ऊपर उठकर प्रेम, सद्भाव और राष्ट्र निर्माण के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं।