मुख्यमंत्री ने राष्ट्रमंडल खेल 2026 के पदक विजेता पैरा एथलिट खिलाड़ी सोमन राणा एवं झंडू कुमार को किया सम्मानित

Spread the love

पटना, 29 अगस्त । मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में राष्ट्रमंडल खेल 2026 में शानदार प्रदर्शन कर पदक जीतने वाले बिहार के पैरा एथलिट खिलाड़ियों को सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री ने राष्ट्रमंडल खेल 2026 में पुरुष एफ57 शॉट पुट में स्वर्ण पदक जीतने वाले बिहार के खिलाड़ी सोमन राणा को 30 लाख रूपये तथा पुरुष पैरा पावरलिफ्टिंग में कांस्य पदक विजेता झंडू कुमार को 15 लाख रूपये की सम्मान राशि का चेक, अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने दोनों खिलाड़ियों से बातचीत की, उनका अनुभव जाना तथा उनकी उपलब्धियों के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि आप लोगों ने अपने शानदार प्रदर्शन से न केवल देश का गौरव बढ़ाया है, बल्कि बिहार को भी राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर गौरवान्वित किया है। आपको सम्मानित करना हम सबके लिये गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने, उन्हें बेहतर प्रशिक्षण एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा उनकी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रतिबद्ध है। राज्य के खिलाड़ियों की उपलब्धियां बिहार के युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने और देश के लिए पदक जीतने की प्रेरणा देती हैं। बिहार के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग एवं सम्मान दिया जाएगा, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का बेहतर प्रदर्शन कर सकें।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, खेल विभाग के सचिव दीपक आनंद, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रविन्द्रण शंकरण, कोच गौतम सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।