नोएडा, 28 जनवरी । थाना सेक्टर 49 क्षेत्र के सेक्टर 47 की लाल बत्ती के पास बुधवार की शाम को एक स्कूटी चालक को कार ने टक्कर मार दी। इस घटना में स्कूटी चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना सेक्टर 49 के प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार भारद्वाज ने बताया कि संजय सिंह (27) पुत्र ज्ञान सिंह निवासी सेक्टर 45 बुधवार की शाम को स्कूटी पर सवार होकर जा रहे थे, तभी सेक्टर 47 के पास एक कार चालक ने तेजी और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दिया। इस घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनको उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया कि इस घटना के चलते कुछ देर तक यातायात बाधित हो गया था, जिसे पुलिस ने सुचारू रूप से चालू कर दिया है।