नई दिल्ली, 16 जुलाई । दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को राजधानी में आयोजित भगवान श्री जगन्नाथ की पावन रथ यात्राओं में शामिल हुईं। मुख्यमंत्री ने रोहिणी स्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर में आयोजित 21वीं वार्षिक रथ यात्रा के शुभारंभ समारोह में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और माता सुभद्रा की विधिवत पूजा-अर्चना की। साथ ही परंपरागत ‘छेरा पहरा’ अनुष्ठान का निर्वहन करते हुए रथ के समक्ष झाड़ू लगाई।
इस अवसर पर उत्तर पश्चिमी दिल्ली से सांसद योगेंद्र चंदोलिया, दिल्ली के कल्याण मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह उपस्थित रहे। इसके बाद उन्होंने शालीमार बाग स्थित शिव मंदिर जगन्नाथ दरबार, सैनी धर्मशाला समिति द्वारा आयोजित जगन्नाथ रथ यात्रा में भी सहभागिता की और श्रद्धालुओं के साथ पूजा-अर्चना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और लोककल्याण की महान परंपरा का प्रतीक है। रथ के समक्ष झाड़ू लगाने की परंपरा समाज को यह संदेश देती है कि जनसेवा और विनम्रता ही सच्चे नेतृत्व की पहचान है। भगवान जगन्नाथ की कृपा से दिल्ली निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़े और राजधानी का प्रत्येक नागरिक सुख, समृद्धि और खुशहाली से परिपूर्ण जीवन व्यतीत करे।
मुख्यमंत्री ने कामना की कि भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और माता सुभद्रा का आशीर्वाद दिल्लीवासियों पर सदैव बना रहे और उनकी कृपा से ‘विकसित दिल्ली’ के संकल्प को नई ऊर्जा मिले। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन हमारी समृद्ध परंपराओं को जीवंत बनाए रखने के साथ-साथ समाज को जोड़ने और आपसी सौहार्द को मजबूत करने का कार्य करते हैं। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की मंगलकामना करते हुए भगवान जगन्नाथ के जयघोष के साथ कार्यक्रम का समापन किया।